यश धुल के तूफानी शतक से सेंट्रल दिल्ली किंग्स की शानदार जीत, पुरानी दिल्ली 6 को 9 विकेट से हराया
अनिल कुमार गुप्ता दिल्ली
नई दिल्ली, 5 अगस्त। दिल्ली प्रीमियर लीग (DPL) 2026 में सेंट्रल दिल्ली किंग्स का शानदार प्रदर्शन जारी है। अरुण जेटली स्टेडियम में बारिश से प्रभावित 15 ओवर के मुकाबले में किंग्स ने पुरानी दिल्ली 6 को 9 विकेट से करारी शिकस्त दी। टीम की जीत के हीरो रहे यश धुल, जिन्होंने महज 47 गेंदों में नाबाद शतक जड़कर लक्ष्य को बेहद आसानी से हासिल करा दिया।
टॉस के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी पुरानी दिल्ली 6 की शुरुआत बेहद खराब रही। सेंट्रल दिल्ली किंग्स के तेज गेंदबाज मनी ग्रेवाल ने विपक्षी बल्लेबाजी क्रम को शुरुआती झटके देते हुए 9वें ओवर तक पुरानी दिल्ली 6 का स्कोर 55 रन पर 5 विकेट कर दिया।
मुश्किल में फंसी पुरानी दिल्ली 6 की पारी को रोहन राठी और अश्विनी छिल्लर ने संभाला। दोनों ने छठे विकेट के लिए शानदार 85 रनों की साझेदारी कर टीम को संकट से बाहर निकाला। राठी ने महज 21 गेंदों में 46 रन की आक्रामक पारी खेली, जबकि छिल्लर ने 29 गेंदों में 38 रन बनाकर उनका अच्छा साथ दिया।
इस साझेदारी के दम पर पुरानी दिल्ली 6 ने निर्धारित 15 ओवर में 7 विकेट पर 140 रन बनाए। सेंट्रल दिल्ली किंग्स की ओर से गेंदबाजी में मनी ग्रेवाल सबसे प्रभावी रहे। उन्होंने तीन ओवर में 22 रन देकर 3 विकेट चटकाए। वहीं गवनीश खुराना ने भी 22 रन देकर 2 विकेट हासिल किए।
141 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सेंट्रल दिल्ली किंग्स ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। यश धुल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए पुरानी दिल्ली 6 के गेंदबाजों की जमकर खबर ली। उन्होंने महज 47 गेंदों में नाबाद शतक पूरा किया और अपनी विस्फोटक पारी के दम पर टीम को लक्ष्य तक पहुंचा दिया।
सेंट्रल दिल्ली किंग्स ने नौ विकेट शेष रहते लक्ष्य हासिल कर मुकाबला अपने नाम कर लिया। यश धुल की शतकीय पारी ने न सिर्फ टीम को बड़ी जीत दिलाई, बल्कि टूर्नामेंट में किंग्स की स्थिति को भी और मजबूत कर दिया।












