नई दिल्ली, 9 अगस्त। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के ज्योति नगर थाना पुलिस ने घरों में रात के समय हुई चोरी की दो वारदातों को महज 24 घंटे के भीतर सुलझाते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों मामलों की 100 प्रतिशत चोरी की संपत्ति बरामद करने के साथ वारदात में इस्तेमाल किया गया TSR (ऑटो रिक्शा) भी बरामद किया है। आरोपियों के कब्जे से अन्य मामलों में चोरी की गई होने के संदेह वाली बड़ी मात्रा में ज्वेलरी भी मिली है, जिसकी जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 5-6 अगस्त की रात मीट नगर में दो घरों में चोरी हुई थी। एक मामले में मोबाइल फोन, नकदी, सोने के आभूषण, चांदी की पायल, मंगलसूत्र और अन्य सामान चोरी हुआ था, जबकि दूसरे घर से 5 हजार रुपये नकद और मोबाइल फोन चोरी किया गया था। दोनों मामलों में ज्योति नगर थाने में BNS की धारा 305 के तहत मुकदमे दर्ज किए गए।
मामलों की जांच के लिए SHO इंस्पेक्टर वेद प्रकाश के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम ने आरोपियों के आने-जाने वाले संभावित रास्तों पर लगे 100 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के विश्लेषण से संदिग्धों का सुराग लोन गोल चक्कर के पास एक TSR तक पहुंचा। वाहन की पहचान के आधार पर पुलिस ने TSR चालक सुहैब उर्फ शोएब (40) को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में सुहैब ने वारदात में अपने साथी सानू उर्फ लकी (30) के शामिल होने की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, सानू के खिलाफ पहले से चोरी, सेंधमारी, लूट और आर्म्स एक्ट समेत 7 मामले दर्ज हैं, जबकि सुहैब का भी एक पूर्व आपराधिक मामला सामने आया है।












