दिल्ली लक्ष्मी योजना के बहिष्कार पर ‘आप’ के 22 विधायकों के खिलाफ भाजपा का प्रदर्शन
*अनिल कुमार गुप्ता दिल्ली*
नई दिल्ली, 10 अगस्त। दिल्ली विधानसभा में महिलाओं के लिए लाई गई ‘दिल्ली लक्ष्मी योजना’ के बहिष्कार के विरोध में भाजपा ने सोमवार को आम आदमी पार्टी के सभी 22 विधायकों के घरों और कार्यालयों के बाहर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का संयोजन दिल्ली भाजपा महामंत्री मोहनलाल गिहारा ने किया।
कालकाजी विधायक और नेता प्रतिपक्ष आतिशी के आवास पर भाजपा महामंत्री योगिता सिंह, मंत्री नरेश वशिष्ठ और पूर्व सांसद रमेश बिधूड़ी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। इस दौरान योगिता सिंह, रमेश बिधूड़ी और नरेश वशिष्ठ ने आरोप लगाया कि आतिशी ने विधानसभा में महिलाओं के लिए लाई गई योजना का विरोध करने से अपनी पार्टी को नहीं रोका। उन्होंने दावा किया कि आतिशी लंबे समय से विधानसभा से दूर हैं और गोवा में सक्रिय हैं।
भाजपा नेताओं ने कहा कि ‘दिल्ली लक्ष्मी योजना’ महिलाओं को आर्थिक सहायता देने से जुड़ी पहल है और इसके बहिष्कार को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में रोष है। इसी मुद्दे पर कोंडली, सीलमपुर, सीमापुरी, बाबरपुर, करोलबाग, देवली, तुगलकाबाद, चांदनी चौक, गोकुलपुरी, पटेल नगर, अंबेडकर नगर, तिलक नगर, सदर, बल्लीमारान, मटिया महल, सुल्तानपुरी, दिल्ली कैंट, बुराड़ी, बदरपुर, किराड़ी और ओखला विधानसभा क्षेत्रों में भी भाजपा कार्यकर्ताओं ने संबंधित ‘आप’ विधायकों के खिलाफ प्रदर्शन किया।
भाजपा ने आरोप लगाया कि ‘आप’ विधायकों का योजना का बहिष्कार करना दिल्ली की महिलाओं के हितों की अनदेखी है। पार्टी ने मांग की कि महिलाओं से जुड़े इस प्रस्ताव पर राजनीतिक विरोध के बजाय जनहित को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।












