झाबुआ माणक लाल जैन
*हर घर तिरंगा अभियान के तहत जिलेभर में देशभक्ति से ओतप्रोत विभिन्न गतिविधियों का आयोजन
*
*तिरंगा रैली, रंगोली प्रतियोगिता और मानव श्रृंखला के माध्यम से दिया राष्ट्रीय एकता एवं देशभक्ति का संदेश*
झाबुआ, 10 अगस्त 2026 हर घर तिरंगा अभियान (9 अगस्त से 17 अगस्त ) के अंतर्गत कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट के नेतृत्व एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री जितेन्द्र सिंह चौहान के मार्गदर्शन में जिलेभर में देशभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता की भावना से ओतप्रोत विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। अभियान के तहत विद्यार्थियों एवं आमजन की सहभागिता से तिरंगा रैली, रंगोली प्रतियोगिता एवं मानव श्रृंखला सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर तिरंगे के प्रति सम्मान और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया गया।
*ग्राम पंचायत ढोलियावड़ में निकाली गई तिरंगा रैली*
जनपद पंचायत राणापुर की ग्राम पंचायत ढोलियावड़ में विद्यार्थियों द्वारा उत्साहपूर्वक तिरंगा रैली निकाली गई। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर विद्यार्थियों ने देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। रैली में विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ सहभागिता करते हुए हर घर तिरंगा अभियान के प्रति जनजागरूकता का संदेश प्रसारित किया।
*पीएम श्री कन्या विद्यालय झाबुआ में रंगोली प्रतियोगिता*
हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत पीएम श्री शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, झाबुआ में रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने तिरंगे के रंगों एवं देशभक्ति की थीम पर आकर्षक रंगोलियां बनाकर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। रंगोलियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने राष्ट्रप्रेम, एकता और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान का संदेश दिया।
*मानव श्रृंखला से बनाया भारत का नक्शा*
नगर पालिका परिषद झाबुआ द्वारा कैथोलिक मिशन स्कूल में विद्यार्थियों की सहभागिता से मानव श्रृंखला के माध्यम से भारत का नक्शा तैयार किया गया। विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता ने देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता एवं तिरंगे के प्रति सम्मान का प्रेरक संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में हर घर तिरंगा अभियान को लेकर विशेष उत्साह दिखाई दिया।
*बामनिया में विद्यार्थियों ने रंगोली से दिया राष्ट्रप्रेम का संदेश*
पीएम श्री शासकीय कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल, बामनिया में हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत रंगोली प्रतियोगिता आयोजित की गई। विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता के माध्यम से तिरंगे के रंगों को रंगोली में उकेरते हुए राष्ट्रप्रेम, देशभक्ति और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान का सुंदर संदेश दिया।
*मोरडुंडिया में विद्यार्थियों ने निकाली तिरंगा रैली*
शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल, मोरडुंडिया के विद्यार्थियों द्वारा उत्साह एवं देशभक्ति की भावना के साथ तिरंगा रैली निकाली गई। विद्यार्थियों ने हाथों में तिरंगा लेकर राष्ट्रप्रेम और एकता का संदेश दिया तथा आमजन को हर घर तिरंगा अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
हर घर तिरंगा अभियान के माध्यम से जिलेभर में आयोजित की जा रही विभिन्न गतिविधियों में विद्यार्थियों एवं नागरिकों की उत्साहपूर्ण सहभागिता देखने को मिल रही है। इन आयोजनों के माध्यम से राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान, देशभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता की भावना को और अधिक सुदृढ़ करने का संदेश दिया जा रहा है।












