झाबुआ माणक लाल जैन
झाबुआ, 08 मई 2025 कलेक्टर नेहा मीना की अध्यक्षता में जनजातीय कार्य विभाग एवं स्कूल शिक्षा विभाग के परीक्षा परिणामों, छात्रवृत्ति, प्रोफाइल पंजीयन, अपार आईडी, नामांकन सम्बन्धी समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया ।
5 वीं और 8 वीं के वार्षिक परीक्षा परिणामों की समीक्षा:-
बैठक में कलेक्टर नेहा मीना ने वर्ष 2024-25 में कक्षा 5वीं और 8वीं के वार्षिक परीक्षा परिणामों की विकासखण्डवार समीक्षा की गयी। बैठक में अवगत कराया गया कि जिले का 5 वीं का परिणाम 97.43% और 8वीं का परिणाम 96.95% रहा।
कलेक्टर ने 5वीं और 8वीं कक्षा के परिणामों का मूल्यांकन कर बॉटम के स्कूलों की जानकारी संकुलवार निकाले जाने के निर्देश दिये।
कक्षा 10 वीं एवं 12 वीं के परीक्षा परिणामों की समीक्षा:-
कलेक्टर नेहा मीना ने गत वर्ष की तुलना में इस वर्ष सकारात्मक परीक्षा परिणामों के आने पर सभी को बधाई एवं शुभकामनाएं दी। कलेक्टर को अवगत कराया गया कि जिले की 10 से अधिक स्कूलों में कक्षा 10वीं में 100% परीक्षा परिणाम एवं कक्षा 12 वीं में 5 स्कूलों का 100% परीक्षा परिणाम रहा।
कक्षा 10 वीं के परीक्षा परिणाम की कलेक्टर नेहा मीना ने विकासखण्डवार समीक्षा की। कलेक्टर ने 100% परीक्षा परिणामों वाली स्कूलों के प्रिंसिपल एवं पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष आमूलचूल रूप से परीक्षा परिणाम सुधारने वाले प्राचार्यों को प्रशस्ति पत्र दिये जाने के निर्देश दिये ।कलेक्टर ने 10 वीं कक्षा में 75% से कम परीक्षा परिणामों वाले स्कूलों के प्राचार्यों को नोटिस दिये जाने के निर्देश दिये।
कलेक्टर ने हाई स्कूल झिरी में 17.65% से 86.8% प्रगति करने, हाई स्कूल माछलिया में 75% से 94% प्रगति करने, हाई स्कूल पिथनपुर में 72% से 94% प्रगति करने, उ.मा.वि.कंजावानी, मोरडुण्डिया, धामनी, सजेली में संतोषजनक प्रगति करने पर प्राचार्यों द्वारा अपनायी गयी योजना के सम्बन्ध में विस्तृत चर्चा की गयी।
इसके अतिरिक्त हाईस्कूल बुनियादी, हाईस्कूल खेरमाल में 82% से 32% परिणाम, हाईस्कूल वगईबड़ी में 50% परिणाम रहने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए नोटिस दिये जाने के निर्देश दिये। इसके अतिरिक्त सीएम राइज राणापुर में गत वर्ष 83% से इस वर्ष 75% परिणाम, सीएम राइज थांदला में 37.65% परिणाम रहने, उत्कृष्ट रामा का कम परिणाम होने पर प्राचार्यों के प्रभार बदलने के प्रस्ताव तैयार बनाने के निर्देश दिये । कक्षा 10वीं में थांदला विकासखण्ड का परिणाम जिले में सबसे कम होने पर बीईओ थांदला को नोटिस दिये जाने के निर्देश दिया।
कक्षा 12 वीं के परीक्षा परिणामों की समीक्षा में राणापुर विकासखण्ड का परिणाम जिले में कम पाया गया। हायर सेकेण्डरी कुन्दनपुर पर परिणाम 33% होने पर प्राचार्य को नोटिस दिये जाने के निर्देश दिये। 80% से कम परिणामों वाली संस्थाओं के प्राचार्यों को नोटिस दिये जाने के निर्देश दिये।
अच्छे परिणामों वाली संस्था के प्राचार्यों को प्रशस्ति पत्र एवं नवाचारों पर चर्चा
कलेक्टर नेहा मीना जिले में 10 वी एवं 12 वीं में 100% परीणाम एवं गत वर्ष की तुलना में आमूलचूल रूप से परिणाम सुधार करने वाली संस्थाओं के प्राचार्यों को प्रशस्ति पत्र दिये जाने के निर्देश दिये। इसके अतिरिक्त जिले के 10 प्राचार्यों के नाम प्रशस्ति हेतु राज्य शासन की ओर प्रस्तावित करने के निर्देश दिये।
कलेक्टर ने बीईओ एवं प्राचार्यों द्वारा परीक्षा परिणाम सुधारने के लिए अपनाये गये नवाचारो पर विस्तृत चर्चा की। रामा बीईओ द्वारा अवगत कराया गया कि विकासखण्ड में उनके द्वारा मोबाईल टीचर बैंक बनाया गया। जिसमें शिक्षकों का पूल बनाकर विभिन्न संस्थाओं में अतिरिक्त क्लास लिये जाने एवं प्रतिदिन मॉनीटरिंग किये जाने की पहल की गयी। इसके अतिरिक्त अन्य प्राचार्यों द्वारा रेमेडियल कक्षाएँ एवं उपस्थिति बढ़ाने के लिए घर –घर जाकर जागरूक किये जाने के सम्बन्ध में अवगत कराया गया। कलेक्टर ने नवाचारों से हुए लाभ को जिला स्तर से सभी प्राचार्यों को आरियेण्टेशन कराकर लागू करने के निर्देश दिये। इसके अतिरिक्त कलेक्टर ने जिले में प्रोफाईल पंजीयन, जाति प्रमाण पत्र, यूडाइज कोड पंजीयन, पाठ्य पुस्तक वितरण एवं छात्रवृत्ति की समीक्षा की गयी ।
जिले में एनरोलमेण्ट की समीक्षा के दौरान 8 वी से 9 वीं एवं 10 वीं से 11 वीं कक्षा में छात्र-छात्राओ का ट्रांजिशन 100% रखने हेतु मॉनीटरिंग के निर्देश देते हुए कहा कि जिले में नये सत्र में ट्रांजिशन दर कम नहीं होनी चाहिए क्योंकि उससे विद्यार्थी के शिक्षा की मुख्य धारा से छूट जाने का अंदेशा बना रहता है।
बैठक में सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग श्रीमती निशा मेहरा, जिला शिक्षा अधिकारी आर एस बामनिया, सहायक संचालक जनजातीय कार्य विभाग रविन्द्र सिसोदिया एवं समस्त बीईओ, बीआरसी एवं प्राचार्य उपस्थित रहे।












