झाबुआ माणक लाल जैन
26 जून अंतर्राष्ट्रीय नशा निवारण दिवस (01 जून से 26 जून 2025 तक) के अवसर पर जिलें अंतर्गत नशामुक्ति जनजागरूकता कार्यक्रमों के आयोजन हेतु बैठक ली गई
झाबुआ, 27 मई 2025 भारत सरकार सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय द्वारा प्रतिवर्ष 26 जून को अन्तर्राष्ट्रीय नशा निवारण दिवस के अवसर पर मद्यपान, मादक पदार्थ एवं उनके द्रव्यों के सेवन से होने वाले दुष्परिणामों से युवा, छात्र-छात्राओं, आमजन को अवगत कराकर उनमें जागरूकता लाने हेतु राज्यों, जिलों और शैक्षणिक संस्थानों में जनजागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन कराया जाता है।
इसी अनुक्रम में इस वर्ष भी नशामुक्त भारत अभियान अंतर्गत 26 जून अन्तर्राष्ट्रीय नशा निवारण दिवस के अवसर पर 1 जून से 26 जून 2025 तक मद्यपान, मादक पदार्थ एवं उनके द्रव्यों के सेवन से होने वाले दुष्परिणामों से युवा, छात्र-छात्राओं, आमजन को अवगत कराकर उनमें जागरूकता लाने हेतु नशा मुक्त भारत अभियान गतिविधि केलेण्डर एवं सुझावात्मक गतिविधि की जायेगी ।
जिला झाबुआ में नशा मुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता गतिविधियों के आयोजन के संबंध में आज कार्यालय कलेक्टर जिला झाबुआ के सभाकक्ष में प्रभारी अपर कलेक्टर जितेंद्र सिंह चौहान की अध्यक्षता में जिला स्तरीय नशा मुक्ति समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में नशा मुक्ति कार्यक्रम के आयोजन हेतु 1 जून से 26 जून 2025 तक के लिए विस्तृत कार्य योजना तैयार की गई जिसके अनुसार विभिन्न विभागो को आवश्यक दायित्व सौंपे गए तथा निर्देशित किया गया। कैलेंडर अनुसार विभागों द्वारा नशा मुक्ति जन जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जाये।
इस दौरान संयुक्त कलेक्टर अक्षय सिंह मरकाम, मुख्य स्वास्थ्य एवं चिकित्सा अधिकारी बी एस बघेल, उप संचालक सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन विभाग पंकज साँवले एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।












