रिपोर्ट अनमोल कुमार
बरसात का मौसम बच्चों के लिए जहां रोमांचकारी होता है, वहीं यह मौसम अनेक बीमारियों का कारण भी बन सकता है। नमी, जल-जमाव, और तापमान में उतार-चढ़ाव के कारण बच्चों में सर्दी-खांसी, वायरल बुखार, डायरिया, त्वचा संबंधी संक्रमण, डेंगू-मलेरिया जैसी समस्याएं आम हो जाती हैं। यह जानकारी देते हुए प्रख्यात होमियोपैथिक चिकित्सक, डॉ. के. के. कमर ने कहा कि ऐसे में माता-पिता का सजग रहना अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि बरसात में बच्चों को स्वस्थ रखने के लिए आवश्यक सावधानियाँ एवं बचाव के लिए बच्चों को दिन में कई बार साबुन से हाथ धोने की आदत डालें। उन्हें गंदे पानी या कीचड़ में खेलने से रोकें। बारिश में बाहर निकलते समय उन्हें रेनकोट, छाता और वाटरप्रूफ जूते पहनाकर भेजें। यदि बच्चा बारिश में भीग जाए तो उसके कपड़े तुरंत बदल दें और उसे सूखे व गर्म स्थान पर रखें। घर का पानी उबालकर या फिल्टर कर ही बच्चों को पिलाएं। बाहर का तला-भुना व खुला खाद्य पदार्थ देने से बचें। घर में साफ-सफाई बनाए रखें और आसपास पानी जमा न होने दें, जिससे मच्छर न पनपें। बच्चों को फुल आस्तीन के कपड़े पहनाएं तथा सोते समय मच्छरदानी का प्रयोग करें। त्वचा की स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें—बच्चों के कपड़े, मोज़े, जूते सूखे रखें और उन्हें रोजाना नहलाएं। उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत करने के लिए संतुलित आहार दें जिसमें फल, हरी सब्जियाँ, सूखे मेवे व पर्याप्त पानी शामिल हो। बच्चों को पर्याप्त नींद दें और थकावट से बचाएं। किसी भी बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत योग्य चिकित्सक से संपर्क करें।
बरसात के मौसम में थोड़ी सी सावधानी बरतकर हम बच्चों को कई प्रकार की बीमारियों से सुरक्षित रख सकते हैं। स्वच्छता, संतुलित भोजन, और समय पर चिकित्सा परामर्श से बच्चों का स्वास्थ्य इस मौसम में भी बना रह सकता है। उन्होंने कहा कि होमियोपैथी एक सुरक्षित और प्राकृतिक पद्धति है, जो बच्चों की प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाकर उन्हें बीमारियों से लड़ने में सहायक बनाती है।












