बरेली में सावन मास के दौरान कांवड़ यात्रा और धार्मिक आयोजनों को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। जिलाधिकारी अविनाश कुमार सिंह लगातार अधिकारियों के साथ बैठकें कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि शहर को सेक्टरों में बांटकर सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके। बिजली आपूर्ति को लेकर भी बिजली विभाग के अधिकारियों के साथ विशेष बैठकें हुई हैं। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि धार्मिक स्थलों के पास किसी भी जाति या धर्म के खिलाफ आपत्तिजनक गाने या नारे नहीं चलाए जाएं। उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने जनता से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील भी की है।












