आज संसद भवन परिसर में मकर द्वार के बाहर एनडीए के सांसदों ने नारी शक्ति के अपमान के मुद्दे पर प्रदर्शन किया। सभी मौलाना साजिद रशीदी की ओर से समाजवादी पार्टी सांसद डिंपल यादव पर की गई टिप्पणी का विरोध कर रहे हैं।
जुलाई 28, नई दिल्ली: संसद की कार्यवाही से पहले आज संसद भवन परिसर में मकर द्वार के बाहर एनडीए के सांसदों ने नारी शक्ति के अपमान के मुद्दे पर प्रदर्शन किया। सभी मौलाना साजिद रशीदी की ओर से समाजवादी पार्टी सांसद डिंपल यादव पर की गई टिप्पणी का विरोध कर रहे हैं। मौलाना साजिद रशीदी ने डिंपल यादव के पहनावे पर अशोभनीय टिप्पणी की थी।
भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज ने कहा, “कल डिंपल यादव पर जिस तरह की अभद्र टिप्पणी की गई, उसके बाद मैं पूछना चाहती हूं कि पूरा विपक्ष इस पर चुप क्यों है? समाजवादी पार्टी चुप क्यों है? उनके पति ने आकर इस बयान का खंडन क्यों नहीं किया? मैं पूछना चाहती हूं कि क्या एक महिला सांसद की गरिमा से ज्यादा महत्वपूर्ण तुष्टिकरण हो गया है?”
सपा सांसद डिंपल यादव पर ऑल इंडिया इमाम एसोसिएशन (AIIA) के अध्यक्ष मौलाना साजिद रशीदी की टिप्पणी पर सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा, “डिंपल जी देश की सभी महिलाओं के लिए एक आदर्श हैं। उनके बारे में इस तरह की टिप्पणी निंदनीय है और एक घटिया बयान है। इस प्रकार का बयान कोई एक पागल ही दे सकता है।”












