December 14, 2025 9:29 pm

भारतीय ग्रामीण पत्रकार संघ ट्रस्ट

भारतीय ग्रामीण
पत्रकार संघ ट्रस्ट

दस महीने में ही भाजपा सरकार से दिल्लीवाले त्रस्त, एमसीडी उपचुनाव में देंगे जवाब- आतिशी

दस महीने में ही भाजपा सरकार से दिल्लीवाले त्रस्त, एमसीडी उपचुनाव में देंगे जवाब- आतिशी

– बिजली, पानी, सड़क और प्रदूषण के मुद्दे पर फेल भाजपा सरकार ने 10 महीने में ही दिल्ली का बंटाधार कर दिया- आतिशी

– केजरीवाल सरकार ने 10 साल में दिल्लीवालों को फ्री बिजली, पानी, इलाज व महिलाओं को बस यात्रा की सुविधा दी- आतिशी

– दिल्लीवालों से झूठे वादे कर भाजपा ने सरकार बनाई, अब उसके मंत्री काम करने के बजाय जेब भरने में व्यस्त हैं- आतिशी

– दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी ने ‘‘आप’’ उम्मीदवारों के समर्थन में विनोद नगर में पदयात्रा और संगम विहार व दक्षिणपुरी में की जनसभा

नई दिल्ली, 26 नवंबर 2025

दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने बुधवार को विनोद नगर वार्ड नंबर 198, दक्षिणपुरी वार्ड नंबर 164 और संगम विहार वार्ड नंबर 163 से आम आदमी पार्टी के उम्मीदवारों के समर्थन ताबड़तोड़ पदयात्रा और जनसभा कर एमसीडी उपचुनाव में जनता का समर्थन मांगा। आतिशी ने कहा कि दस महीने में ही भाजपा सरकार से दिल्लीवाले त्रस्त हो चुके हैं और एमसीडी उपचुनाव में कड़ा जवाब देंगे। भाजपा सरकार ने 10 महीने में ही दिल्ली का बंटाधार कर दिया है। बिजली, पानी, सड़क और प्रदूषण समेत हर मुद्दे पर फेल है। टूटी सड़कें, गंदा पानी, ओवरफ्लो होता सीवर और दमघोटू हवा ही भाजपा सरकार का 10 महीने का रिपोर्ट कार्ड है। जबकि केजरीवाल सरकार ने 10 साल में दिल्लीवालों को फ्री बिजली, पानी, इलाज व महिलाओं को बस यात्रा की सुविधाएं दी।

आतिशी ने कहा कि भाजपा ने दिल्ली के लोगों से वादा किया था कि दिल्ली में डबल इंजन की सरकार होगी तो ज्यादा काम होंगे। लेकिन आज दिल्ली का हाल बहुत बुरा है। विनोद नगर समेत पूरी दिल्ली की सड़के टूटी हुई है। वायु प्रदूषण से लोग परेशान हैं, तो सीवर लाइन से पानी बह रहा है। दिल्ली में मोहल्ला क्लिनिक बंद कर दिया गया है। आज दिल्ली के लोग परेशान हो गए हैं, भाजपा को वोट देने के बाद वो पछता रहे हैं। भाजपा सरकार पानी, बिजली, सड़के, वायु प्रदूषण समेत हर मुद्दे पर फेल है। उन्होंने कहा कि 30 नवंबर को एमसीडी का चुनाव है। पिछले दस महीने में भाजपा ने दिल्ली का जो बंटाधार किया है, उसका जवाब जनता देगी। भाजपा की चार इंजन की सरकार ने दस महीने में दिल्ली को टूटी हुई सड़क दी है। दिल्ली में कहीं भी चले जाएं, सारी जगह की सड़क टूटी हुई है। विनोद नगर की घरों में आने वाला गंदे पानी का वीडियो पूरे देश ने देखा है। यहां के भाजपा विधायक के कारण विनोद नगर पूरे देश में बदनाम हो गया है।

आतिशी ने कहा कि हल्की सी बरसात के बाद घुटनों तक पानी भर जाता है। जब बरसात नहीं होती तो सीवर का पानी सड़क पर भर जाता है। दिल्ली में सड़क खराब, पानी खराब यहां तक कि हवा भी खराब हो गई है। आज पूरे देश में भाजपा की वजह से लोगों का दम घुट रहा है। दिल्ली में बच्चे सांस नहीं ले पा रहे हैं। दिल्ली के अस्पतालों में छोटे-छोटे बच्चे भर्ती हो रहे हैं। यह भाजपा सरकार का पिछले दस महीने की रिपोर्ट कार्ड है। दस महीने में भाजपा ने दिल्ली का बंटाधार कर दिया है। आतिशी ने कहा कि इस बार भाजपा को उनके धोखे का मुंहतोड़ जवाब देना है।

आतिशी ने कहा कि दस साल तक दिल्ली में अरविंद केजरीवाल की सरकार थी। दिल्ली के आम आदमी को बेहतर जिंदगी देने के लिए अरविंद केजरीवाल ने इन दस सालों में 24 घंटे मेहनत की। दिल्ली की जनता को फ्री बिजली, पानी, फ्री इलाज, महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा दी। लेकिन दिल्ली चुनाव में भाजपा ने साजिश रची और दिल्ली वालों से झूठे वादे किए। दिल्ली वालों को बहलाया, फुसलाया और धमकाया। अब दस महीने से दिल्ली में भाजपा की सरकार है। दिल्ली की जनता आम आदमी पार्टी की सरकार और भाजपा सरकार के कामों की तुलना कर सकती है कि इन दस महीने भाजपा सरकार ने क्या काम किया है।

आतिशी ने कहा कि आज दिल्ली में सड़के टूटी है, पानी के बढ़े हुए बिल आने लगे हैं। बिजली कटौती होने लगी हैं। यहां तक कि दिल्ली हवा भी जहरीली हो गई है। ये चार इंजन की सरकार क्या कर रही है? इतने पावर कट क्यों लग रहे हैं? सड़के क्यों टूटी है? क्यों मोहल्ला क्लिनिक बंद किए जा रहे हैं? सरकारी स्कूलों में शिक्षक नहीं मिल रहे हैं। भाजपा के मंत्री, सरकार सिर्फ अपनी जेब भरने में व्यस्त है। आम जनता से उनको कोई मतलब नहीं है। अरविंद केजरीवाल दिन-रात मेहनत करके केंद्र के भाजपा सरकार से लड़कर काम करवाते थे। लेकिन भाजपा सिर्फ अपनी जेब भर रही है, दिल्ली को बर्बाद कर दिया है।

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें