मुख्य संवाददाता
नई दिल्ली, 17 जून। भारतीय मोबाइल फोन निर्माता लावा इंटरनेशनल लिमिटेड ने दिल्ली के एयरोसिटी स्थित अंदाज़ होटल में इंसाइडर्स मीट’ का आयोजन किया। कार्यक्रम में टेक क्रिएटर्स, गैजेट्स के शौकीनों और मीडिया प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस दौरान कंपनी के अधिकारियों ने भविष्य की रणनीति, भारत में विकसित हो रहे इनोवेशन और मोबाइल तकनीक में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की भूमिका पर चर्चा की।
इवेंट में लावा ने अपनी अग्नि, ब्लेज़, शार्क, बोल्ड और स्मार्ट सीरीज के नवीनतम स्मार्टफोन और ऑडियो एक्सेसरीज़ का प्रदर्शन किया। कंपनी ने बताया कि अग्नि 4 में इन-हाउस वायु AI, AMOLED डिस्प्ले और एडवांस कैमरा फीचर्स दिए गए हैं, जबकि शार्क 2 5G को 6000mAh बैटरी के साथ बजट सेगमेंट के लिए पेश किया गया है।
कंपनी के अनुसार, पिछले एक वर्ष में उसके स्मार्टफोन कारोबार में 50 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। इस वृद्धि को आगे बढ़ाने के लिए लावा अपने रिटेल नेटवर्क का विस्तार, वितरण व्यवस्था को मजबूत करने और उपभोक्ता-केंद्रित इनोवेशन पर फोकस करेगी।
लावा ने यह भी बताया कि उसके स्मार्टफोन ब्लोटवेयर-फ्री एंड्रॉयड अनुभव और Service@Home जैसी आफ्टर-सेल्स सुविधा के साथ उपलब्ध हैं। कंपनी का कहना है कि ‘इंसाइडर्स मीट’ का उद्देश्य टेक्नोलॉजी समुदाय के साथ संवाद बढ़ाना और उपभोक्ताओं को नए उत्पादों का प्रत्यक्ष अनुभव कराना है।












