October 17, 2026 6:50 pm

भारतीय ग्रामीण पत्रकार संघ ट्रस्ट

भारतीय ग्रामीण
पत्रकार संघ ट्रस्ट

बाढ़ प्रभावित मनाली में मेकमायट्रिप फाउंडेशन ने पुनर्निर्मित सरकारी हाई स्कूल का किया उद्घाटन

 

मुख्य संवाददाता
नई दिल्ली, 2 जुलाई। मेकमायट्रिप फाउंडेशन ने हिमाचल प्रदेश के मनाली स्थित शालीन गांव में वर्ष 2023 की विनाशकारी बाढ़ से प्रभावित सरकारी हाई स्कूल के पुनर्निर्माण के बाद उसका उद्घाटन किया। बाढ़ के कारण क्षेत्र में जनजीवन और सार्वजनिक बुनियादी ढांचे को भारी नुकसान पहुंचा था, जिसके बाद फाउंडेशन ने दीर्घकालिक राहत एवं पुनर्वास अभियान शुरू किया। स्कूल का पुनर्निर्माण इसी पहल का प्रमुख हिस्सा रहा। यह परियोजना हिमाचल प्रदेश के उच्च शिक्षा निदेशालय, स्थानीय प्रशासन, होटल एसोसिएशन ऑफ मनाली और रोटरी क्लब के सहयोग से पूरी की गई।

बाढ़ के बाद पिछले लगभग तीन वर्षों से बच्चों की कक्षाएं एपीएमसी परिसर की दुकानों में अस्थायी रूप से संचालित की जा रही थीं। अब नए स्कूल भवन के निर्माण से विद्यार्थियों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त शैक्षणिक वातावरण मिलेगा। 150 विद्यार्थियों की क्षमता वाले इस स्कूल में 8 क्लासरूम, 2 स्मार्ट क्लासरूम, साइंस लैब, कंप्यूटर लैब, लाइब्रेरी और मल्टीपर्पज़ हॉल जैसी सुविधाएं विकसित की गई हैं।

कुल्लू के डिप्टी डायरेक्टर (क्वालिटी एजुकेशन) डॉ. सुनील ठाकुर ने कहा कि यह स्कूल आने वाली पीढ़ियों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव साबित होगा। वहीं मनाली के एसडीएम गुंजीत सिंह चीमा ने इसे क्षेत्र के बच्चों के लिए नई उम्मीद और बेहतर भविष्य का प्रतीक बताया।

स्कूल निर्माण के अलावा मेकमायट्रिप फाउंडेशन ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में राहत और पुनर्वास कार्यों में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। फाउंडेशन ने छह बेली ब्रिजों के निर्माण के लिए सामग्री उपलब्ध कराई, भूस्खलन सुरक्षा दीवारों के लिए 30 मीट्रिक टन से अधिक इंटरलिंक चेन दान कीं तथा काजा क्षेत्र में सिंचाई और जलापूर्ति व्यवस्था बहाल करने में सहयोग किया।

इसके अलावा 600 से अधिक परिवारों को राहत सामग्री वितरित की गई तथा एक वृद्धाश्रम, अनाथालय और दिव्यांग महिलाओं के हॉस्टल को भी सहायता प्रदान की गई। मेकमायट्रिप फाउंडेशन के ट्रस्टी एवं ग्रुप सीएचआरओ युवराज श्रीवास्तव ने कहा कि स्थानीय समुदायों को सशक्त बनाकर ही आपदा प्रभावित क्षेत्रों में स्थायी और समावेशी विकास सुनिश्चित किया जा सकता है।

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें