विश्व हिन्दू महासंघ के बौद्धिक प्रकोष्ठ की पहली संस्थापक बैठक आयोजित
अनिल कुमार गुप्ता दिल्ली
नई दिल्ली, 4 जुलाई। विश्व हिन्दू महासंघ के बौद्धिक प्रकोष्ठ (इंटेलेक्चुअल सेल) की प्रथम संस्थापक सदस्य बैठक शनिवार को नई दिल्ली स्थित एएआई ऑफिसर्स क्लब में आयोजित हुई। बैठक का उद्देश्य शिक्षाविदों, चार्टर्ड अकाउंटेंट्स, अधिवक्ताओं, उद्योगपतियों, चिकित्सकों, लेखकों और शोधकर्ताओं सहित विभिन्न क्षेत्रों के प्रबुद्ध लोगों को एक मंच पर लाकर राष्ट्र, समाज और सनातन संस्कृति से जुड़े विषयों पर तथ्यपूर्ण एवं सकारात्मक संवाद की शुरुआत करना था।
कार्यक्रम की अध्यक्षता संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं कालिका पीठाधीश्वर महंत सुरेन्द्रनाथ अवधूत जी ने की। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में समाज को केवल भावनाओं से नहीं, बल्कि ज्ञान, शोध, तर्क और प्रमाण आधारित विचारों से दिशा देने की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि बौद्धिक प्रकोष्ठ का उद्देश्य समाज में सकारात्मक सोच विकसित करना, युवाओं तक सही जानकारी पहुंचाना और राष्ट्रहित से जुड़े विषयों पर सार्थक विमर्श को आगे बढ़ाना है।
कार्यक्रम के आयोजक एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हरित अग्रवाल ने कहा कि यह प्रकोष्ठ देशभर के प्रबुद्ध लोगों को जोड़कर एक मजबूत थिंक टैंक के रूप में कार्य करेगा। इसके माध्यम से समय-समय पर विचार-मंथन, शोध, संगोष्ठियों, पुस्तकों और लेखों के जरिए विभिन्न राष्ट्रीय विषयों पर अध्ययन और सुझाव तैयार किए जाएंगे।
राष्ट्रीय संगठन मंत्री विक्रम गोस्वामी ने संगठन की भावी कार्ययोजना पर प्रकाश डालते हुए देशभर में बौद्धिक प्रकोष्ठ के विस्तार पर बल दिया, जबकि राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष सचिन वशिष्ठ ने भी अपने विचार साझा किए।
बैठक में सीए सुशील कुमार कौशिक, सीए राधेश्याम बंसल, सीए राजेश अग्रवाल, सीए मनोज बंसल, सीए आर.के. गुप्ता, सीए कमल कुमार कौशिक और सीए धीरज शर्मा सहित अनेक प्रबुद्ध व्यक्तियों ने अपने सुझाव दिए और इस पहल का स्वागत किया।
बैठक के अंत में सभी संस्थापक सदस्यों ने बौद्धिक प्रकोष्ठ को राष्ट्रीय स्तर पर एक सशक्त वैचारिक मंच के रूप में विकसित करने का संकल्प लिया। साथ ही नियमित विचार-मंथन बैठकों, शोध कार्यों, जनजागरण कार्यक्रमों तथा युवाओं को वैचारिक रूप से सशक्त बनाने के लिए विभिन्न गतिविधियां संचालित करने का निर्णय लिया गया।












