रोहिणी पुलिस का ‘ऑपरेशन शस्त्र’ : 46 आरोपी गिरफ्तार, 19 देसी पिस्टल और 26 कारतूस बरामद
अनिल कुमार गुप्ता दिल्ली
दिल्ली के रोहिणी जिले में पुलिस ने ‘ऑपरेशन शस्त्र’ के तहत अवैध हथियारों, संगठित अपराध और स्ट्रीट क्राइम के खिलाफ बड़े स्तर पर कार्रवाई की। दो दिवसीय अभियान (14-15 जुलाई 2026) के दौरान 46 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि 23 लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।
कार्रवाई में 19 देसी पिस्टल, 26 जिंदा कारतूस, 9 बटनदार चाकू और एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई। इसके अलावा 3,884 क्वार्टर अवैध शराब और एक कार भी जब्त की गई।
अभियान के दौरान 210 पुलिसकर्मियों की 15 टीमों ने 106 ठिकानों पर छापेमारी, 101 पार्कों की जांच और 60 वाहनों से ब्लैक फिल्म हटाई। पुलिस ने 400 हिस्ट्रीशीटरों का सत्यापन भी किया।
रोहिणी पुलिस के अनुसार, वर्ष 2026 में अब तक 155 अवैध हथियार और 287 जिंदा कारतूस बरामद किए जा चुके हैं, जो दिल्ली पुलिस के सभी जिलों और यूनिटों में सबसे अधिक है। पुलिस का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ यह विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।












