October 17, 2026 4:21 pm

भारतीय ग्रामीण पत्रकार संघ ट्रस्ट

भारतीय ग्रामीण
पत्रकार संघ ट्रस्ट

“मैं नोवाक जोकोविच का बहुत बड़ा फैन हूं” — सार्थक रंजन ने बताया अपनी सेलिब्रेशन का राज

नई दिल्ली, 6 अगस्त: दिल्ली प्रीमियर लीग (DPL) 2026 में नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स ने बुधवार को अरुण जेटली स्टेडियम में ईस्ट दिल्ली राइडर्स को छह विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की। कप्तान सार्थक रंजन ने इस मुकाबले में कप्तानी पारी खेलते हुए 95 रन बनाए और टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई।

जीत के बाद सार्थक रंजन ने कहा, “जीत हासिल करके बहुत अच्छा लग रहा है, खासकर इसलिए क्योंकि कप्तान के तौर पर यह मेरी पहली जीत है। हमने शुरुआती दो विकेट जल्दी गंवा दिए थे, इसलिए हमारा प्लान साझेदारी बनाने और पावरप्ले में ज्यादा पीछे नहीं रहने का था। यश भाटिया के आने के बाद चीजें आसान हो गईं। पिछले मैच में भी हमारी अच्छी साझेदारी हुई थी और आज उन्होंने लगातार बाउंड्री लगाकर मुझ पर से काफी दबाव हटा दिया। हम सिर्फ पारी को आगे बढ़ाने पर ध्यान दे रहे थे और हमें पता था कि एक बड़ा ओवर जरूर आएगा। मैंने नहीं सोचा था कि वह इतना बड़ा होगा, लेकिन शुक्र है कि यह हमारे पक्ष में रहा।”

अर्धशतक पूरा करने के बाद सार्थक रंजन का सेलिब्रेशन भी चर्चा का विषय बना। इस बारे में उन्होंने बताया, “मैं नोवाक जोकोविच का बहुत बड़ा फैन हूं, इसलिए यह सेलिब्रेशन उनके लिए एक तरह की श्रद्धांजलि थी। मैंने उन्हें जीत के बाद इसी तरह सेलिब्रेट करते देखा है और मैं भी उसी अंदाज में जश्न मनाना चाहता था।”

इससे पहले ईस्ट दिल्ली राइडर्स ने 20 ओवर में 6 विकेट पर 171 रन बनाए। टीम के लिए सुजल सिंह ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 50 गेंदों पर नाबाद 82 रन बनाए। बाएं हाथ के बल्लेबाज ने अपनी पारी में छह चौके और चार छक्के लगाए। दूसरे छोर पर विकेट गिरते रहे, लेकिन सुजल ने एक छोर संभाले रखा। नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स की ओर से विकास दीक्षित सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने चार ओवर में 19 रन देकर एक विकेट लिया।

172 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही और टीम ने 39 रन तक अपने दो विकेट गंवा दिए। इसके बाद सार्थक रंजन और यश भाटिया ने तीसरे विकेट के लिए 113 रनों की मैच जिताऊ साझेदारी कर टीम को संकट से बाहर निकाला।

सार्थक रंजन ने कप्तानी पारी खेलते हुए महज 50 गेंदों में 95 रन बनाए। उनकी पारी में आठ छक्के और सात चौके शामिल रहे। उन्होंने सिमरजीत सिंह के एक ओवर में 29 रन बटोरकर मुकाबले का रुख पूरी तरह नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स के पक्ष में कर दिया। हालांकि, वह शतक से महज पांच रन दूर रह गए।

दूसरे छोर पर यश भाटिया ने शानदार फॉर्म जारी रखते हुए नाबाद अर्धशतक जड़ा और नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स को चार ओवर शेष रहते छह विकेट से जीत दिला दी।

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें