झाबुआ माणक लाल जैन
- *मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 का शुभारंभ कल, पेटलावद में होगा प्रथम भ्रमण एवं जन-विश्वास शिविर*
*सीएम हेल्पलाइन, राजस्व प्रकरणों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के निराकरण पर रहेगा विशेष फोकस*
झाबुआ, 06 अगस्त 2026 मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के अंतर्गत जिले में अभियान का शुभारंभ 7 अगस्त को पेटलावद विकासखंड से किया जाएगा। अभियान के प्रथम दिवस क्षेत्रीय भ्रमण के साथ जन-विश्वास शिविर का आयोजन होगा, जिसमें आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान, शासकीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा विभिन्न विभागों की सेवाओं की समीक्षा की जाएगी।
मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान 7 अगस्त 2026 से 8 जनवरी 2027 तक संचालित किया जाएगा। अभियान के अंतर्गत प्रत्येक शुक्रवार को मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान दिवस के रूप में मनाया जाएगा। जिला प्रशासन द्वारा अभियान को जनकेंद्रित, प्रभावी एवं परिणाममुखी बनाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।
अभियान के प्रथम चरण में पेटलावद विकासखंड में आयोजित जन-विश्वास शिविर के दौरान सीएम हेल्पलाइन एवं जनसुनवाई के लंबित प्रकरणों का निराकरण, लोक सेवा गारंटी अधिनियम के प्रकरण, राजस्व संबंधी नामांतरण, सीमांकन एवं बंटवारा, किसानों की फार्मर आईडी, आयुष्मान कार्ड, समग्र आईडी ई-केवाईसी, प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन, आंगनवाड़ी, स्वास्थ्य संस्थान, स्कूल एवं कॉलेज, सार्वजनिक वितरण प्रणाली, शासकीय परिसंपत्तियों तथा अन्य शासकीय एवं निजी संस्थानों का निरीक्षण एवं समीक्षा की जाएगी। साथ ही जनसंवाद, उद्यम संवाद तथा कानून-व्यवस्था से संबंधित व्यवस्थाओं का भी अवलोकन किया जाएगा।
जिला प्रशासन द्वारा अभियान के तहत सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई एवं लोक सेवा गारंटी अधिनियम के लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण पर विशेष जोर दिया गया है। वर्तमान में जिले में लंबित सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के निराकरण के लिए विभागवार कार्यवाही की जा रही है। विशेष रूप से पेटलावद विकासखंड में लंबित शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए संबंधित विभागों को अभियान मोड में कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि अधिकतम प्रकरणों का निराकरण शिविर से पूर्व एवं शेष का समाधान शिविर स्थल पर किया जा सके।
अभियान के दौरान विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की भी समीक्षा की जाएगी। साथ ही राजस्व प्रकरणों के समयबद्ध निराकरण, फार्मर रजिस्ट्री, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, आधारभूत सुविधाओं तथा नागरिक सेवाओं की प्रगति का परीक्षण किया जाएगा।
जिला प्रशासन ने सभी विभागों को आवश्यक अभिलेखों, सेवाओं एवं अधिकारियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, जिससे शिविर में आने वाले नागरिकों को त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें। अभियान के संचालन में सादगी, मितव्ययिता एवं पर्यावरण संरक्षण के सिद्धांतों का पालन करते हुए सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग नहीं किया जाएगा तथा उपलब्ध सार्वजनिक अधोसंरचनाओं का अधिकतम उपयोग किया जाएगा।
मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के सुचारू संचालन के लिए जिला प्रशासन द्वारा जिला स्तरीय अधिकारियों हेतु वाहन पूलिंग व्यवस्था भी लागू की गई है। अभियान के अंतर्गत प्रत्येक शुक्रवार को विभिन्न स्थानों पर आयोजित होने वाले भ्रमण एवं जन-विश्वास शिविरों में अधिकारियों की समयबद्ध उपस्थिति एवं संसाधनों के प्रभावी उपयोग के उद्देश्य से यह व्यवस्था की गई है। जिन दलों में एक से अधिक अधिकारियों के पास शासकीय वाहन उपलब्ध हैं, वे आपसी समन्वय से बारी-बारी से वाहन का उपयोग करेंगे।












