October 17, 2026 1:17 pm

भारतीय ग्रामीण पत्रकार संघ ट्रस्ट

भारतीय ग्रामीण
पत्रकार संघ ट्रस्ट

खान मार्केट में ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने को लेकर ‘ट्रैफिक पंचायत’, पार्किंग और अतिक्रमण पर बनी रणनीति

खान मार्केट में ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने को लेकर ‘ट्रैफिक पंचायत’, पार्किंग और अतिक्रमण पर बनी रणनीति

नई दिल्ली, 22 अगस्त। खान मार्केट इलाके में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की ओर से शनिवार को ‘ट्रैफिक पंचायत’ के तहत समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता दिल्ली पुलिस के स्पेशल कमिश्नर (ट्रैफिक) अजय चौधरी ने की। बैठक में पार्किंग, यातायात प्रबंधन, अतिक्रमण, पिक-एंड-ड्रॉप व्यवस्था और सुरक्षा-सर्विलांस से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।

 

बैठक में दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एनडीएमसी के प्रतिनिधि और खान मार्केट ट्रेडर्स एसोसिएशन के पदाधिकारी शामिल हुए। खान मार्केट में पार्किंग की कमी का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। व्यापारियों ने अमृता शेरगिल मार्ग स्थित वर्षों से खाली पड़े प्लॉट पर भूमिगत पार्किंग विकसित करने की संभावना तलाशने का सुझाव दिया। एनडीएमसी ने बताया कि अतिरिक्त पार्किंग सुविधाओं, जिसमें प्रस्तावित भूमिगत पार्किंग और लिटिल धवल के सामने पार्किंग शामिल है, पर विचार किया जा रहा है।

 

बैठक में शेरशाह रोड और एसबीएम रोड पर सड़क किनारे पार्किंग को नियंत्रित करने का निर्णय लिया गया, ताकि यातायात का सुचारू आवागमन सुनिश्चित हो सके। खान मार्केट और सुजान सिंह पार्क इलाके में लेन अनुशासन का सख्ती से पालन कराने तथा ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन पर लक्षित कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

 

इसके अलावा खान मार्केट के भीतर वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था लागू करने की संभावना पर भी चर्चा हुई। पीक आवर्स में जरूरत के अनुसार सुजान सिंह पार्क के ट्रैफिक सिग्नल को मैनुअल तरीके से संचालित करने और एसबीएम रोड के सिग्नल टाइमिंग की समीक्षा कर उसे बढ़ाने पर भी सहमति बनी।

 

टैक्सियों और टीएसआर के लिए अलग पिक-एंड-ड्रॉप प्वाइंट तथा सुजान सिंह पार्क में एक समय में करीब 3-4 टीएसआर के लिए निर्धारित स्टैंड बनाने पर भी चर्चा हुई। दिल्ली पुलिस और एनडीएमसी के प्रवर्तन अधिकारियों को नियमित एवं समन्वित अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। खान मार्केट और आसपास के इलाकों में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई लगातार जारी रखने पर जोर दिया गया।

 

बैठक में खान मार्केट के प्रवेश मार्गों पर लगे एलपीआर कैमरों की स्थिति की भी समीक्षा की गई और इन्हें कार्यशील बताया गया। तिलक मार्ग ट्रैफिक सर्किल के अंतर्गत आने वाले होटलों को भी अपने मेहमानों के वाहनों की पार्किंग और आवाजाही को व्यवस्थित रखने के लिए जागरूक किया जाएगा, ताकि होटल से जुड़ा यातायात क्षेत्र में जाम की स्थिति पैदा न करे।

 

स्पेशल कमिश्नर अजय चौधरी ने संबंधित अधिकारियों को एनडीएमसी और खान मार्केट ट्रेडर्स एसोसिएशन के साथ लगातार समन्वय बनाए रखने तथा बैठक में तय मुद्दों पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में बेहतर ट्रैफिक नियमन, व्यवस्थित पार्किंग, अतिक्रमण हटाने और सड़क सुरक्षा को लेकर सभी संबंधित पक्षों ने मिलकर काम करने की प्रतिबद्धता दोहराई।

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें