नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स ने साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज को 10 रन से हराया, DPL में शीर्ष पर पहुंची
*अनिल कुमार गुप्ता दिल्ली*
नई दिल्ली, 22 अगस्त: नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स महिला टीम ने शानदार गेंदबाजी और बेहतरीन फील्डिंग के दम पर साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज को 10 रन से हराकर दिल्ली प्रीमियर लीग (DPL) 2026 में लगातार दूसरी जीत दर्ज की। इस जीत के साथ नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स महिला अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंच गई है।
141 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज की टीम 20 ओवर में 5 विकेट पर 131 रन ही बना सकी। टीम की ओर से तानिष्का सिंह ने 44 गेंदों में 46 रन की संघर्षपूर्ण पारी खेली, जिसमें छह चौके शामिल रहे।
साउथ दिल्ली की शुरुआत खराब रही। विकेटकीपर बल्लेबाज निशिका सिंह बिना खाता खोले आउट हो गईं, जिसके बाद टीम का स्कोर पहले ओवर में ही 1 विकेट पर 1 रन हो गया। इसके बाद तानिष्का सिंह और प्रिया पुनिया ने पारी को संभालने की कोशिश की और 36 रन जोड़े। पुनिया 18 गेंदों में 10 रन बनाकर आउट हुईं।
तानिष्का ने कप्तान श्वेता सहरावत के साथ महत्वपूर्ण साझेदारी की। सहरावत ने 23 गेंदों में 27 रन बनाए, जिसमें दो चौके और एक छक्का शामिल था। हालांकि, नॉर्थ दिल्ली की गेंदबाजों ने अहम मौकों पर विकेट लेकर साउथ दिल्ली पर दबाव बनाए रखा।
तानिष्का के 14वें ओवर में आउट होने के बाद साउथ दिल्ली का स्कोर 3 विकेट पर 72 रन था। इसके बाद श्वेता सहरावत 94 के स्कोर पर आउट हुईं, जबकि एकता भदाना भी सिर्फ चार रन बनाकर पवेलियन लौट गईं। अंतिम दो ओवरों में टीम को 28 रन की जरूरत थी, लेकिन तनिषा सिंह के नाबाद 24 और दिशा नागर के नाबाद 9 रन के बावजूद साउथ दिल्ली 131/5 तक ही पहुंच सकी।
नॉर्थ दिल्ली की ओर से नाजमा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में 28 रन देकर दो विकेट लिए। रेशिका बेनीवाल, अपेक्षा आनंद और प्रिया मिश्रा को एक-एक सफलता मिली।
इससे पहले नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स ने 20 ओवर में 4 विकेट पर 141 रन बनाए। शिवी शर्मा ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 54 गेंदों में नाबाद 71 रन बनाए, जिसमें नौ चौके शामिल थे। उपासना यादव ने 42 गेंदों में 43 रन बनाए, जबकि कप्तान आयुषी सोनी ने 17 रन का योगदान दिया।
नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स की यह लगातार दूसरी जीत है और टीम दो मैचों में दो जीत के साथ महिला DPL 2026 की अंक तालिका में शीर्ष स्थान पर पहुंच गई है।












