अरुण जेटली की पुण्यतिथि पर गणमान्य जनों ने अर्पित किए श्रद्धासुमन
*अनिल कुमार गुप्ता दिल्ली*
नई दिल्ली, 24 अगस्त। भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केंद्रीय वित्त मंत्री पद्म विभूषण स्वर्गीय अरुण जेटली की पुण्यतिथि पर सोमवार को दिल्ली में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए गए। सुबह दिल्ली भाजपा कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा और विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने जेटली के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद सिरी फोर्ट स्थित अरुण जेटली पार्क में उनके परिवार की ओर से आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख हस्तियों ने उन्हें नमन किया।
कार्यक्रम में आरएसएस के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबले, दिल्ली के उपराज्यपाल तरणजीत सिंह संधू, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा, भाजपा के सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश और केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह समेत अनेक गणमान्य लोगों ने अरुण जेटली की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए।
जेटली परिवार की ओर से उनकी पत्नी संगीता जेटली, पुत्र एवं वरिष्ठ अधिवक्ता रोहन जेटली तथा पुत्री सोनाली जेटली बख्शी ने भी श्रद्धासुमन अर्पित किए। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, अनुराग ठाकुर, रामवीर सिंह बिधूड़ी, कमलजीत सहरावत, बांसुरी स्वराज, दिल्ली सरकार के मंत्री आशीष सूद समेत कई सांसद, विधायक, भाजपा पदाधिकारी, पूर्व सांसद और जेटली के करीबी सहयोगी मौजूद रहे।
हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि अरुण जेटली केवल पूर्व वित्त मंत्री नहीं थे, बल्कि ओजस्वी वक्ता, कुशल संगठनकर्ता और सबसे बड़ी बात सबके मित्र थे। राजनीति में उनके विरोधी भी उनकी बात सम्मान से सुनते थे, क्योंकि उनके शब्दों में तर्क, तथ्य और स्नेह होता था। उन्होंने कहा कि GST, दिवालिया कानून और बैंकिंग सुधार जैसे महत्वपूर्ण फैसलों में जेटली के दूरदर्शी नेतृत्व की झलक दिखाई देती है।
मल्होत्रा ने कहा कि कठिन परिस्थितियों में जेटली सरकार की ढाल बनकर खड़े रहते थे और मीडिया के सामने तथ्यों के साथ पार्टी का पक्ष मजबूती से रखते थे। उन्होंने कहा कि क्रिकेट के साथ जेटली को बैडमिंटन सहित अन्य खेलों में भी विशेष रुचि थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उनके संबंधों को याद करते हुए मल्होत्रा ने कहा कि दोनों के बीच विश्वास और समर्पण का रिश्ता था। उन्होंने कहा कि जेटली के विचार, कार्यशैली और राष्ट्रसेवा की भावना हमेशा प्रेरणा देती रहेगी।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि अरुण जेटली ओजस्वी वक्ता, कुशल अर्थशास्त्री और सबके प्रिय नेता थे। उन्होंने राजनीति से ऊपर उठकर राष्ट्रसेवा को प्राथमिकता दी। वित्त मंत्री के रूप में GST और बैंकिंग सुधार जैसे ऐतिहासिक फैसलों के माध्यम से उन्होंने देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
रेखा गुप्ता ने कहा कि संसद में जेटली की तर्कपूर्ण और तथ्यात्मक वक्तृत्व शैली आज भी प्रेरणा देती है। उन्होंने कहा कि जेटली के हर दल में मित्र थे और वह विरोधियों के बीच भी सम्मानित थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली से अरुण जेटली का विशेष लगाव था। छात्र नेता, अधिवक्ता, खेल प्रेमी और राजनेता के रूप में उन्होंने दिल्ली की जनता की सेवा की तथा राजधानी के विकास से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाया। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार उनके बताए राष्ट्र प्रथम, सुशासन और पारदर्शिता के मार्ग पर चलते हुए उनके सपनों को साकार करने के लिए प्रतिबद्ध है।












