October 17, 2026 11:17 am

भारतीय ग्रामीण पत्रकार संघ ट्रस्ट

भारतीय ग्रामीण
पत्रकार संघ ट्रस्ट

दिल्ली की 20 हजार छात्राओं को हर साल मिलेगी अजीम प्रेमजी फाउंडेशन की छात्रवृत्ति

दिल्ली की 20 हजार छात्राओं को हर साल मिलेगी अजीम प्रेमजी फाउंडेशन की छात्रवृत्ति

अनिल कुमार गुप्ता दिल्ली

नई दिल्ली, 25 अगस्त 2026: अजीम प्रेमजी फाउंडेशन ने दिल्ली (एनसीटी) में अजीम प्रेमजी स्कॉलरशिप शुरू करने की घोषणा की है। इसके तहत इस वर्ष दिल्ली की 20 हजार छात्राओं को उच्च शिक्षा जारी रखने के लिए छात्रवृत्ति दी जाएगी। फाउंडेशन का लक्ष्य देशभर में हर साल 5 लाख छात्राओं को इस योजना से जोड़ना है।

 

चयनित प्रत्येक छात्रा को कॉलेज के पहले वर्ष से स्नातक डिग्री या डिप्लोमा पूरा होने तक हर साल 30 हजार रुपये की आर्थिक सहायता मिलेगी। पाठ्यक्रम की अवधि के आधार पर एक छात्रा को दो से पांच वर्षों में अधिकतम 1.5 लाख रुपये तक की छात्रवृत्ति मिल सकती है। इस राशि का इस्तेमाल कॉलेज फीस सहित शिक्षा से जुड़े अन्य खर्चों के लिए किया जा सकेगा।

 

वर्ष 2024 में शुरू हुई यह छात्रवृत्ति अब 21 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की छात्राओं के लिए उपलब्ध है। इनमें आंध्र प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, असम, बिहार, छत्तीसगढ़, दिल्ली, झारखंड, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, मणिपुर, मेघालय, मिजोरम, नागालैंड, ओडिशा, पुडुचेरी, राजस्थान, सिक्किम, तेलंगाना, त्रिपुरा, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड शामिल हैं।

 

योजना का लाभ लेने के लिए छात्रा ने संबंधित राज्यों या केंद्र शासित प्रदेशों के किसी सरकारी स्कूल से कक्षा 10वीं और 12वीं की पढ़ाई पूरी की हो तथा भारत में किसी मान्यता प्राप्त संस्थान में स्नातक डिग्री या डिप्लोमा पाठ्यक्रम के प्रथम वर्ष में दाखिला लिया हो।

 

फाउंडेशन के मुताबिक, वर्ष 2024 में योजना शुरू होने के बाद से अब तक 1.9 लाख से अधिक छात्राओं को छात्रवृत्ति का लाभ मिल चुका है। फाउंडेशन का अनुमान है कि स्नातक पाठ्यक्रमों की औसत अवधि करीब तीन वर्ष होने के कारण एक समय में लगभग 15 लाख छात्राएं इस छात्रवृत्ति के दायरे में हो सकती हैं।

 

छात्रवृत्ति के लिए आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन और निशुल्क है। आवेदन केवल अजीम प्रेमजी फाउंडेशन की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से किया जा सकता है।

 

अजीम प्रेमजी फाउंडेशन के सीईओ अनुराग बेहर ने कहा कि देश और समाज के भविष्य को बेहतर बनाने में लड़कियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि लड़कियों को सभी क्षेत्रों में समान अवसर सुनिश्चित करना जरूरी है और उच्च शिक्षा जीवनभर सशक्तिकरण का महत्वपूर्ण माध्यम है। छात्रवृत्ति का उद्देश्य उच्च शिक्षा हासिल करने में छात्राओं के सामने आने वाली आर्थिक और अन्य बाधाओं को दूर करना है।

 

अजीम प्रेमजी फाउंडेशन शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक विकास के अन्य क्षेत्रों में काम करता है। फाउंडेशन का उद्देश्य एक न्यायपूर्ण, समान, मानवीय और टिकाऊ समाज के निर्माण में योगदान देना है।

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें