*एमसीडी सदन की बैठक में नाव लेकर पहुंचे ‘‘आप’’ पार्षद, जलभराव-गंदगी पर भाजपा को घेरा*
*- भाजपा सरकार का “दिल्ली को कूड़े से आज़ादी” का अभियान सिर्फ नारा, अब दिल्ली में कूड़े को आजादी है- अंकुश नारंग*
*- दिल्ली की सड़कों और गलियों में जमा पानी और लगे कूड़े के ढेर भाजपा के झूठे दावों की पोल खोल रहे- अंकुश नारंग*
*- डेढ़ साल में ही भाजपा सरकार ने दिल्ली को नरक के दर्शन करा दिए, जलभराव से लोग दुखी हैं- प्रवीण कुमार*
*- कूड़े व गंदगी की वजह से बीमारियां बढ़ रही हैं, लेकिन भाजपा को सिर्फ अपनी जेब भरने की चिंता है – प्रीति डोगरा*
*- एमसीडी, पीडब्ल्यूडी, डीडीए और डुसिब की सड़कों पर हुआ जलभराव भाजपा की नाकामी दिखा रही है- कृष्णा जाखड़*
*नई दिल्ली, 24 अगस्त 2026*
आम आदमी पार्टी के पार्षद सोमवार को आयोजित एमसीडी सदन की बैठक में नाव लेकर पहुंचे और दिल्ली में जगह-जगह हो रहे जल भराव और फैले कूड़े के ढेर को लेकर भाजपा सरकार को जमकर घेरा। पार्षदों ने बदहाल सफाई व्यवस्था, डेंगू-मलेरिया के बढ़ते खतरे समेत जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दे भी मजबूती से उठाए। इस बाबत एमसीडी में नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने एक्स पर कहा कि ‘‘आप’’ पार्षदों ने भाजपा शासित एमसीडी से मांग की कि दिल्ली की जनता को सिर्फ खोखले दावे नहीं, बल्कि ज़मीनी स्तर पर ठोस व्यवस्था चाहिए। अब पूरे देश को भाजपा की नाकाम सरकार से आज़ादी चाहिए।
अंकुश नारंग ने कहा कि एमसीडी मुख्यालय में सोमवार को आयोजित सदन की बैठक में ‘‘आप’’ के निगम पार्षद नाव लेकर पहुंचे। सदन के बाहर नाव और अपने-अपने जोनों का कूड़ा रखकर भाजपा शासित एमसीडी की बदहाल सफाई व्यवस्था और दिल्ली में जगह-जगह जलभराव के खिलाफ जोरदार विरोध दर्ज कराया। भाजपा मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और भाजपा मेयर प्रवेश वाही का “दिल्ली को कूड़े से आज़ादी” अभियान सिर्फ नारे और प्रचार की राजनीति है। लेकिन सच यह है कि दिल्ली में कूड़े को आजादी मिली है। दिल्ली की सड़कों और गलियों में लगे कूड़े के ढेर भाजपा के झूठे दावों की पोल खोल रहे हैं। चार इंजन की भाजपा सरकार में दिल्ली की सफाई व्यवस्था खुद कूड़े में दब गई है। जनता पूछ रही है कि जब पूरी सत्ता आपके हाथ में है, तो फिर दिल्ली साफ क्यों नहीं है?
उधर, एमसीडी के सह-प्रभारी प्रवीण कुमार ने कहा कि भाजपा ने दिल्ली को पूरी तरह से डुबो दिया है। जहां देखो वहां पानी है। सिविक सेंटर से 100-200 मीटर दूर कनॉट प्लेस में भी जलभराव है। भाजपा ने दिल्ली वालों को पूरी तरह से दुखी और परेशान कर दिया है। डेढ़ साल में ही मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की सरकार ने दिल्ली को नरक के दर्शन करा दिए हैं। एमसीडी में भाजपा कई सालों से है, लेकिन आज तक वे एमसीडी में कूड़ा साफ नहीं कर पाए हैं। इस समय दिल्ली की पूरी सड़कों पर कूड़ा है और लबालब पानी भरा है।
प्रवीण कुमार ने बताया कि आज सदन में निगम पार्षद कृष्ण जाखड़ नाव लेकर पहुंचे हैं ताकि वे सदन को भाजपा की असलियत बता सकें। क्या अब दिल्ली के लोग गाड़ियां छोड़कर नाव पर आ जाएं? इतनी कम समय की बारिश में भी इतना सारा जलभराव हो रहा है और घंटों ट्रैफिक लग रहा है। भाजपा ने पूरी तरह से दिल्ली को बर्बाद करके रख दिया है। आम आदमी पार्टी पूरी मजबूती से चाहे जलभराव का मुद्दा हो, चाहे कूड़े के प्रबंधन की व्यवस्था का मुद्दा हो, इन सभी को उठाएगी और भाजपा की असलियत देश के सामने उजागर करेगी।
वहीं, एमसीडी सह-प्रभारी प्रीति डोगरा ने कहा कि पूरी दिल्ली में जहां देखो, सड़कों पर कूड़ा ही कूड़ा है और जलभराव के कारण जगह-जगह जाम लगा रहता है। आज सिविक सेंटर पहुंचने के लिए कई पार्षदों को दो से तीन घंटे का सफर तय करना पड़ा क्योंकि पूरी दिल्ली में पानी ही पानी भरा हुआ था। भाजपा इतनी बेशर्मी पर आ चुकी है कि वह जनता के हित में कोई कार्य नहीं कर रही है। पूरी दिल्ली में पानी भरने की वजह से इतने हादसे हो रहे हैं और अभी दो बच्चे खुले नाले में गिर कर डूब गए। लोग इतने परेशान हैं और लोगों के घरों से कूड़ा नहीं उठता है।
प्रीति डोगरा ने कहा कि मानसून में बीमारियां फैलती हैं और कूड़े व गंदगी की वजह से बीमारियां बढ़ रही हैं। आज बच्चों को घरों से बाहर स्कूल के लिए जाना पड़ता है, वहां पर भी कीचड़ ही कीचड़ है और वे ट्रांसफार्मर पार करके जा रहे हैं। भाजपा ने पूरी दिल्ली को बर्बाद कर दिया है। मेयर प्रवेश वाही बड़े-बड़े वादे करते हैं, लेकिन उन्होंने दिल्ली के हालात नरक जैसे बना दिए हैं। हम नाव इसलिए लाए थे, ताकि मेयर प्रवेश वाही को शर्म आ जाए और उन्हें याद आ जाए कि दिल्ली को कूड़ा मुक्त और पानी मुक्त करना है। भाजपा सिर्फ और सिर्फ अपनी जेब भरने का काम छोड़कर ग्राउंड लेवल पर उस जनता के लिए सच में काम करे, जिसने उन्हें चुनकर भेजा है।
उधर, निगम पार्षद कृष्णा जाखड़ ने कहा कि आज दिल्ली जलभराव से जूझ रही है। भाजपा के चारों इंजनों ने जलभराव से कुछ नहीं सीखा है। एक महीने से बारिश हो रही है और जब भी बारिश होती है, पूरी दिल्ली पानी-पानी हो जाती है, मगर भाजपा की नीयत, उनकी सोच और उनके चारों इंजन शर्म से पानी-पानी नहीं होते। आज दिल्ली जलभराव, कूड़े के फैलाव और आवारा पशुओं के आतंक से परेशान है। भाजपा के चारों इंजन बिलकुल फेल हो गए हैं। आज ये भाजपा वाले किसको दोषी ठहराएंगे? जैसे भाजपा नेताओं के सपने में जवाहरलाल नेहरू आते हैं, वैसे ही अब उनके सपने में केजरीवाल आएंगे।
कृष्णा जाखड़ ने कहा कि आज एमसीडी, दिल्ली और केंद्र में भाजपा की सरकार है। एलजी, डीडीए, पुलिस कमिश्नर, एमसीडी कमिश्नर सब भाजपा के हैं और तो और जनता ने भी इस बार भाजपा को वोट दिया है। भाजपा दिल्ली के लोगों से दुश्मनी क्यों ले रही है? आज एमसीडी, पीडब्ल्यूडी, डीडीए या डुसिब, सभी की सड़कों पर जलभराव है, जो भाजपा की नाकामी दिखाता है। जिस तरह से 650 करोड़ का हेल्थ घोटाला, साइकिल घोटाला और चावल घोटाला हुआ है, वैसे ही भाजपा ने नाले की डीसिल्टिंग और कूड़े की एजेंसी को ठेका देने में घोटाला किया है। सब लोग प्रत्यक्षदर्शी हैं कि किस प्रकार से आधे घंटे की बारिश ने दिल्ली को पानी-पानी कर दिया है। भाजपा को शर्म आनी चाहिए और मेयर प्रवेश वाही को अपनी जिम्मेदारी लेते हुए तुरंत इस्तीफा दे देना चाहिए।
*‘‘आप’’ पार्षद शिवानी पांचला और चित्रा विद्यार्थी डीडीए की सलाहकार परिषद की सदस्य निर्वाचित*
आम आदमी पार्टी की पार्षद शिवानी पांचला और चित्रा विद्यार्थी दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) की सलाहकार परिषद की सदस्य चुन ली गई हैं। दोनों को ही निर्विरोध चुना गया है। उनके निर्वाचन पर एमसीडी में नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने बधाई दी है। उन्होंने कहा कि एमसीडी मुख्यालय में सोमवार को निगम सदन की बैठक में ‘‘आप’’ की निगम पार्षद शिवानी पांचाल और चित्रा विद्यार्थी को दिल्ली विकास प्राधिकरण की सलाहकार परिषद के सदस्य पद के लिए निर्विरोध निर्वाचित किया गया। दोनों नवनिर्वाचित सदस्यों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। इस अवसर पर एमसीडी नेता विपक्ष कार्यालय में एमसीडी सह-प्रभारी प्रवीण कुमार, प्रीति डोंगरा समेत पार्टी के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।












