October 17, 2026 10:12 am

भारतीय ग्रामीण पत्रकार संघ ट्रस्ट

भारतीय ग्रामीण
पत्रकार संघ ट्रस्ट

दिल्ली के महापौर श्री प्रवेश वाही ने मॉडल टाउन स्थित नैनी झील में ड्रोन के माध्यम से कीटनाशक छिड़काव कार्यक्रम का किया शुभारंभ

*दिल्ली के महापौर श्री प्रवेश वाही ने मॉडल टाउन स्थित नैनी झील में ड्रोन के माध्यम से कीटनाशक छिड़काव कार्यक्रम का किया शुभारंभ*

 

*मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता के मार्गदर्शन में डेंगू-मलेरिया की रोकथाम और नियंत्रण के लिए लगातार प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं: महापौर श्री प्रवेश वाही*

अनिल कुमार गुप्ता दिल्ली

नई दिल्ली, 25 अगस्त 2026

 

दिल्ली के महापौर श्री प्रवेश वाही ने आज दिल्ली नगर निगम द्वारा मच्छर जनित बीमारियों की रोकथाम एवं नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे व्यापक अभियान के तहत सेंट्रल-नॉर्थ जोन के मॉडल टाउन स्थित नैनी झील में ड्रोन के माध्यम से कीटनाशक छिड़काव कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर स्थानीय विधायक श्री अशोक गोयल, स्थायी समिति अध्यक्ष श्रीमती सत्या शर्मा, पार्षद श्री विकेश सेठी, जोन उपायुक्त श्री मोहित बंसल सहित दिल्ली नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

 

इस अवसर पर महापौर श्री प्रवेश वाही ने कहा कि दिल्ली सरकार एवं दिल्ली नगर निगम मच्छर जनित बीमारियों की रोकथाम और नियंत्रण के लिए मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता के मार्गदर्शन में लगातार प्रभावी एवं आधुनिक उपाय अपना रहे हैं। उन्होंने कहा कि ड्रोन तकनीक के माध्यम से कीटनाशक का छिड़काव एक आधुनिक और कारगर उपाय है। इस तकनीक के माध्यम से कम समय में बड़े क्षेत्र को कवर किया जा सकता है तथा जलाशयों एवं अन्य दुर्गम स्थानों तक आसानी से पहुंच बनाई जा सकती है। इससे मच्छरों के प्रजनन स्थलों पर समयबद्ध तरीके से नियंत्रण स्थापित करने में सहायता मिलेगी और मच्छर जनित बीमारियों की रोकथाम के प्रयासों को मजबूती मिलेगी। महापौर ने कहा कि आवश्यकता के अनुसार ड्रोन तकनीक के माध्यम से कीटनाशक छिड़काव को अन्य बड़े जलाशयों एवं दुर्गम क्षेत्रों में भी विस्तारित किया जा सकता है। इस पहल से मच्छर नियंत्रण गतिविधियों की पहुंच और प्रभावशीलता बढ़ाने में मदद मिलेगी।

 

महापौर श्री प्रवेश वाही ने कहा कि दिल्ली नगर निगम द्वारा दिल्ली को मच्छर जनित बीमारियों से मुक्त रखने के लिए फील्ड स्तर पर लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं और आधुनिक तकनीक का उपयोग कर इन प्रयासों को और अधिक प्रभावी बनाया जा रहा है। इसके अंतर्गत मच्छरों के प्रजनन स्थलों की नियमित जांच, लार्वा रोधी दवाओं का छिड़काव, फॉगिंग, संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी तथा नागरिकों के बीच जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। निगम द्वारा जलाशयों, नालों, खाली प्लॉटों, निर्माण स्थलों और अन्य संभावित प्रजनन स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।

 

स्थायी समिति अध्यक्ष श्रीमती सत्या शर्मा ने कहा कि दिल्ली नगर निगम ने मच्छर जनित बीमारियों से बचाव एवं नियंत्रण के लिए युद्धस्तर पर अभियान चलाया हुआ है। उन्होंने कहा कि निगम द्वारा मच्छरों के संभावित प्रजनन स्थलों की पहचान, नियमित निरीक्षण, लार्वा रोधी दवाओं के छिड़काव, फॉगिंग तथा जन-जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से व्यापक स्तर पर कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि ड्रोन तकनीक के उपयोग से बड़े जलाशयों और ऐसे दुर्गम क्षेत्रों में भी प्रभावी तरीके से कीटनाशक का छिड़काव किया जा सकेगा, जहां पारंपरिक माध्यमों से पहुंचना कठिन होता है। उन्होंने नागरिकों से भी अपील की कि वे अपने घरों एवं आसपास के क्षेत्रों में पानी जमा न होने दें और मच्छर जनित बीमारियों की रोकथाम के लिए निगम के प्रयासों में सहयोग करें।

 

दिल्ली नगर निगम नागरिकों से अपील करता है कि वे अपने घरों, कार्यालयों एवं आसपास के क्षेत्रों में पानी जमा न होने दें तथा कूलर, गमले, छतों, कंटेनरों और अन्य संभावित स्थानों पर जमा पानी की नियमित रूप से जांच करें। मच्छर जनित बीमारियों की रोकथाम के लिए निगम के प्रयासों के साथ नागरिकों की सक्रिय भागीदारी भी आवश्यक है।

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें