लव कुश रामलीला में इस बार फिल्मी सितारों का जलवा, राजप्रेमी बनेंगे रावण
अनिल कुमार गुप्ता दिल्ली
नई दिल्ली, 6 सितंबर। लालकिला मैदान में आयोजित होने वाली विश्वविख्यात लव कुश रामलीला इस वर्ष और भव्य रूप में नजर आएगी। रामलीला कमेटी की प्रेस वार्ता में अध्यक्ष अर्जुन कुमार ने बताया कि इस बार फिल्म अभिनेता राजप्रेमी रावण की भूमिका निभाएंगे, जबकि लेजेंड स्टार पंकज कंवरजीत सिंह नारद मुनि और प्रसिद्ध अभिनेता-सिंगर शंकर साहनी केवट की भूमिका में नजर आएंगे।
कमेटी के अनुसार, इस वर्ष लीला मंचन के लिए 140 फीट लंबा, 60 फीट चौड़ा और 45 फीट ऊंचा भव्य मंच तैयार किया जा रहा है। मंच की थीम मदुरै के प्रसिद्ध मीनाक्षी मंदिर पर आधारित होगी। देशभर के कारीगर मंदिर की नक्काशी, गुंबद और स्तंभों को आकर्षक रूप देने में जुटे हैं। मल्टीकलर एलईडी लाइट्स के माध्यम से मंच को विशेष भव्यता प्रदान की जाएगी।
रामलीला के दौरान अत्याधुनिक तकनीक और डिजिटल साउंड का भी इस्तेमाल होगा। युद्ध दृश्यों में करीब 70 फीट की ऊंचाई पर विशेष प्रभावों के जरिए दृश्य प्रस्तुत किए जाएंगे।
कमेटी के महामंत्री सुबाष गोयल ने बताया कि रामलीला का मंचन 11 से 21 अक्टूबर 2026 तक होगा, जबकि रावण दहन 20 अक्टूबर को दिल्ली समेत देशभर में उत्सव के साथ किया जाएगा।
इसके अलावा 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर लालकिला मैदान में मेगा हेल्थ मेले का आयोजन किया जाएगा। इसमें दिव्यांगजनों के लिए नि:शुल्क सहायक उपकरण, कृत्रिम अंग, आंखों की जांच, ऑपरेशन के लिए चयन और चश्मों का वितरण सहित विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
कमेटी पदाधिकारियों के अनुसार, 20 सितंबर को भूमि पूजन समारोह भी आयोजित किया जाएगा, जिसमें केंद्रीय मंत्री, सांसद, विधायक और विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख हस्तियों को आमंत्रित किया गया है।











