झाबुआ माणक लाल जैन
*कलेक्टर ने डेमो चेक वितरित कर हितग्राहियों को स्वरोजगार के लिए किया प्रोत्साहित*
झाबुआ, 08 सितम्बर 2026 जिले में स्वरोजगार को बढ़ावा देने और युवाओं, महिलाओं एवं जरूरतमंद नागरिकों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को साप्ताहिक जनसुनवाई के साथ मेघनगर में स्वरोजगार दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने स्वरोजगारमूलक योजनाओं के अंतर्गत चयनित हितग्राहियों को डेमो चेक प्रदान किए तथा उन्हें स्वयं का व्यवसाय स्थापित कर आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित किया।
स्वरोजगार दिवस के दौरान हितग्राहियों को शासन की विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं, ऋण सुविधाओं एवं उपलब्ध सहायता के संबंध में जानकारी दी गई। विभागों एवं बैंकों के समन्वय से पात्र आवेदकों के प्रकरणों का परीक्षण कर ऋण स्वीकृति की कार्रवाई की गई और स्वीकृत प्रकरणों में हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया।
पंचायत एवं ग्राम विकास विभाग द्वारा म.प्र. डे राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन योजना के अंतर्गत बैंक ऑफ बड़ौदा के माध्यम से सुशीला महिला बचत समूह को 1000000 रुपये रुपये, रामदेव महिला बचत समूह को 600000 रुपये एवं गणेश महिला बचत समूह को 300000 रुपये के डेमो चेक प्रदान किए।
इस अवसर पर महाप्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र सुश्री पिंकी डिंडोर, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से श्रीमती कृष्णा रावत, विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।












