झाबुआ माणक लाल जैन
*सेवा-संकल्प अभियान*
*सेवा-संकल्प अभियान की तैयारियों को लेकर कलेक्टर ने की समीक्षा बैठक*
*‘आशीर्वाद का दीया’ से होगा अभियान का शुभारंभ, जिले में 7 लाख दीप प्रज्ज्वलित करने का लक्ष्य*
*रक्तदान, विकास प्रदर्शनी, वृक्षारोपण एवं ‘नमो फुटबॉल मैच’ सहित विविध गतिविधियों का होगा आयोजन*
झाबुआ, 16 सितम्बर 2026 प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के जन्म दिवस 17 सितम्बर से प्रारंभ होने वाले ‘सेवा-संकल्प अभियान’ की तैयारियों को लेकर कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट द्वारा संबंधित विभागीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली गई। बैठक में 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाली विभिन्न गतिविधियों की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सौंपे गए दायित्वों को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए। प्रदेश में सेवा-संकल्प अभियान 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक आयोजित किया जाना है।
बैठक में बताया गया कि जिला स्तरीय कार्यक्रम महिला एवं बाल विकास मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया के मुख्य आतिथ्य तथा प्रमुख सचिव वन एवं आनंद विभाग श्री राघवेन्द्र सिंह के विशेष आतिथ्य में आयोजित किया जाएगा।
कलेक्टर डॉ. भरसट ने कहा कि अभियान के अंतर्गत आयोजित प्रत्येक गतिविधि में अधिक से अधिक जनसहभागिता सुनिश्चित की जाए। केन्द्र एवं राज्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों के साथ सामाजिक, स्वयंसेवी संस्थाओं, युवाओं एवं आम नागरिकों को भी अभियान से जोड़ा जाए। उन्होंने आयोजन स्थलों पर आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण करने तथा संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए।
*जिले में प्रज्ज्वलित होंगे 7 लाख ‘आशीर्वाद के दीये’*
अभियान का शुभारंभ 17 सितम्बर को ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के साथ किया जाएगा। इसके अंतर्गत जिले की समस्त ग्राम पंचायतों एवं नगरीय निकायों के प्रत्येक वार्ड में शाम 7 बजे एक साथ दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। जिला स्तरीय ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम पॉलिटेक्निक कॉलेज, किशनपुरी में आयोजित होगा। कलेक्टर डॉ. भरसट ने जिले में 7 लाख दीप प्रज्ज्वलित करने के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए ग्राम पंचायत एवं वार्ड स्तर तक आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने शासन की विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित परिवारों, सामाजिक संस्थाओं एवं आम नागरिकों की व्यापक सहभागिता सुनिश्चित करने को कहा।
*‘जीवन धारा’ में 1000 यूनिट रक्तदान का लक्ष्य*
सेवा-संकल्प अभियान के शुभारंभ अवसर पर ‘जीवन धारा’ के तहत जिला स्तरीय वृहद रक्तदान शिविर का आयोजन पी.जी. कॉलेज ऑडिटोरियम, झाबुआ में प्रातः 10 बजे से किया जाएगा। जिले में 1000 यूनिट रक्तदान का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग को ब्लड बैंक, चिकित्सकीय दल, रक्त संग्रह, परिवहन एवं सुरक्षित संग्रहण सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही अधिकारियों-कर्मचारियों, युवाओं, सामाजिक एवं स्वयंसेवी संस्थाओं तथा नागरिकों को रक्तदान के लिए प्रेरित करने को कहा।
*सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ लगेगी विकास प्रदर्शनी*
पी.जी. कॉलेज ऑडिटोरियम में सेवा-संकल्प अभियान का जिला स्तरीय शुभारंभ कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। इस दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियां एवं नाट्य मंचन के साथ जिला स्तरीय विकास प्रदर्शनी लगाई जाएगी। प्रदर्शनी के माध्यम से केन्द्र एवं राज्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, उपलब्धियों तथा जिले में हुए प्रमुख विकास कार्यों को प्रदर्शित किया जाएगा। कलेक्टर ने संबंधित विभागों को प्रदर्शनी को आकर्षक एवं जानकारीपरक बनाने तथा योजनाओं की जानकारी सरल रूप में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
*हाथीपावा में होगा वृहद वृक्षारोपण*
अभियान के शुभारंभ अवसर पर पर्यावरण संरक्षण एवं जनभागीदारी का संदेश देते हुए हाथीपावा में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को पौधों की उपलब्धता, रोपण की समुचित व्यवस्था तथा रोपित पौधों की नियमित देखभाल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
*डीआरपी लाइन में शाम 5 बजे होगा ‘नमो फुटबॉल मैच’*
17 सितम्बर को ही खेल गतिविधियों के अंतर्गत ‘नमो फुटबॉल मैच’ का आयोजन डीआरपी लाइन, झाबुआ में शाम 5 बजे किया जाएगा। कलेक्टर ने टीमों के गठन, खेल मैदान एवं आयोजन से संबंधित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर डॉ. भरसट ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सेवा-संकल्प अभियान के कार्यक्रमों को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए विभागवार जिम्मेदारियां स्पष्ट करते हुए सभी तैयारियां समय-सीमा में पूर्ण की जाएं। अभियान के दौरान आयोजित गतिविधियों में हितग्राहियों एवं आम नागरिकों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के साथ कार्यक्रमों का व्यापक प्रचार-प्रसार भी किया जाए।
बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री जितेन्द्रसिंह चौहान, अपर कलेक्टर श्री सी. एस. सोलंकी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रतिपाल सिंह महोबिया एवं अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।












