झाबुआ (पेटलावद) माणक लाल जैन
*सेवा संकल्प अभियान के तहत सारंगी में रक्तदान शिविर आयोजित, 90 यूनिट रक्त संग्रहित*
*युवाओं एवं नागरिकों ने उत्साहपूर्वक किया रक्तदान, सेवा और सामाजिक सहभागिता का दिया संदेश*
झाबुआ, 23 सितम्बर 2026 सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत तेरापंथ युवक परिषद, सारंगी के तत्वावधान में सारंगी में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में युवाओं एवं नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए स्वैच्छिक रक्तदान किया। शिविर के माध्यम से कुल 90 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया।
कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एम.एल. चोपड़ा एवं एसडीएम श्रीमती रितिका पाटीदार के मार्गदर्शन में आयोजित शिविर में बड़ी संख्या में रक्तदाताओं ने आगे आकर रक्तदान किया और जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया।
शिविर के सफल आयोजन में सीबीएमओ डॉ. अंतिम कुमार सोलंकी, जनपद पंचायत पेटलावद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री गौरव जैन, डॉ. मोहनिश पाटीदार, तेरापंथ युवक परिषद सारंगी के अध्यक्ष श्री दर्शन बम्बोरी एवं सचिव श्री संस्कार बम्बोरी सहित अन्य सहयोगियों की सक्रिय सहभागिता रही।
जिला ब्लड यूनिट की टीम द्वारा शिविर में रक्त संग्रहण के साथ ही रक्तदाताओं की आवश्यक स्वास्थ्य जांच एवं चिकित्सकीय व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं। रक्तदाताओं ने उत्साह के साथ रक्तदान कर सेवा संकल्प अभियान में अपनी सहभागिता दर्ज कराते हुए सामाजिक सेवा एवं जनकल्याण का संदेश दिया।
आयोजकों ने सभी रक्तदाताओं एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि रक्तदान जरूरत के समय किसी व्यक्ति के जीवन की रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। नियमित एवं स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति समाज में जागरूकता और सहभागिता बढ़ाना आवश्यक है।
सारंगी में 90 यूनिट रक्त संग्रहण के साथ संपन्न यह रक्तदान शिविर सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जनभागीदारी, सहयोग और सेवा की भावना का सार्थक उदाहरण बना।












