झाबुआ माणक लाल जैन
*विशेष लोक अदालत धारा 138 के सफल आयोजन में सहयोग हेतु कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक को प्रधान जिला न्यायाधीश ने प्रमाण-पत्र देकर किया सम्मानित*
झाबुआ, 26 सितम्बर 2026 जिला न्यायालय झाबुआ एवं तहसील न्यायालयों में धारा 138 परक्राम्य लिखत अधिनियम के प्रकरणों के निराकरण हेतु आयोजित विशेष लोक अदालत के सफल आयोजन में सहयोग प्रदान करने वाले अधिकारियों के प्रति जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा आभार व्यक्त किया गया।
प्रधान जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, झाबुआ श्रीमती आशिता श्रीवास्तव द्वारा विशेष लोक अदालत के सफल संचालन एवं अधिकाधिक प्रकरणों के निराकरण में सहयोग प्रदान करने के लिए कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट एवं पुलिस अधीक्षक झाबुआ की ओर से उनके प्रतिनिधि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रतिपाल सिंह महोबिया को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।
विशेष लोक अदालत के आयोजन का उद्देश्य धारा 138 के लंबित प्रकरणों का आपसी सहमति एवं सुलह के माध्यम से त्वरित निराकरण कर पक्षकारों को शीघ्र एवं सुलभ न्याय उपलब्ध कराना था। इस दिशा में पुलिस एवं जिला प्रशासन द्वारा प्रदान किए गए सहयोग से लोक अदालत की कार्यवाही को प्रभावी रूप से संपादित करने में सहायता मिली।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा भविष्य में भी इसी प्रकार के सहयोग एवं समन्वय के माध्यम से लोक अदालतों के सफल आयोजन तथा आमजन को त्वरित एवं सुलभ न्याय उपलब्ध कराने की दिशा में निरंतर कार्य किया जाएगा।












