October 17, 2026 5:33 am

भारतीय ग्रामीण पत्रकार संघ ट्रस्ट

भारतीय ग्रामीण
पत्रकार संघ ट्रस्ट

सेवा सेतु अभियान—सरकार आपके द्वार” की तैयारियों को लेकर कलेक्टर की अध्यक्षता में बैठक आयोजित

 

झाबुआ माणक लाल जैन

*“सेवा सेतु अभियान—सरकार आपके द्वार” की तैयारियों को लेकर कलेक्टर की अध्यक्षता में बैठक आयोजित*

*अभियान अंतर्गत वंचित एवं पात्र हितग्राहियों को मौके पर मिले योजनाओं का लाभ—कलेक्टर डॉ. भरसट*

*03 अक्टूबर को ग्रामीण एवं 04 अक्टूबर को नगरीय क्षेत्रों में आयोजित होगा सेवा सेतु अभियान*

झाबुआ, 01 अक्टूबर 2026 कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट की अध्यक्षता में गुरुवार को “सेवा सेतु अभियान—सरकार आपके द्वार” के सफल, सुव्यवस्थित एवं परिणाममूलक आयोजन की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान की विभागवार तैयारियों, हितग्राहियों के चिन्हांकन, सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों के निराकरण, विभागीय स्टॉल, स्वास्थ्य शिविर, प्रचार-प्रसार, आवश्यक संसाधनों तथा ऑनलाइन रिपोर्टिंग सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।

मध्यप्रदेश शासन, राजस्व विभाग के निर्देशानुसार नागरिकों को पारदर्शी, संवेदनशील, उत्तरदायी एवं समयबद्ध लोक सेवाएं सीधे उनके गांव एवं वार्ड स्तर पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से “सेवा सेतु अभियान—सरकार आपके द्वार” आयोजित किया जा रहा है। यह अभियान 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर 2026 तक संचालित व्यापक “सेवा संकल्प अभियान” का महत्वपूर्ण घटक है।

कलेक्टर डॉ. भरसट ने बताया कि 03 अक्टूबर को जिला स्तरीय कार्यक्रम थांदला ग्रामीण क्षेत्र में आयोजित किया जाएगा, साथ ही प्रत्येक विकासखंड स्तर पर भी शिविर आयोजित होंगे। इसी प्रकार 04 अक्टूबर को जिला स्तरीय कार्यक्रम झाबुआ नगरीय क्षेत्र में तथा प्रत्येक नगर परिषद/नगरीय निकाय स्तर पर आयोजित किया जाएगा। सेवा सेतु अभियान का समय प्रातः 11 बजे से अपराह्न 4 बजे तक रहेगा।

कलेक्टर ने निर्देश दिए कि अभियान में जिले के समस्त विभागों की अनिवार्य सहभागिता सुनिश्चित की जाए। प्रत्येक विभाग अपने से संबंधित योजनाओं, सेवाओं एवं हितग्राहीमूलक गतिविधियों की समुचित जानकारी एवं आवश्यक व्यवस्थाओं के साथ शिविर में उपस्थित रहे। विभाग ऐसे पात्र व्यक्तियों को अभियान से पूर्व चिन्हित कर सूची तैयार करें, जो पात्र होने के बावजूद अभी तक संबंधित शासकीय योजनाओं के लाभ से वंचित हैं। शिविर के दौरान आवेदन प्राप्त कर पात्रता का परीक्षण किया जाए तथा नियमानुसार संभव होने पर हितग्राही को मौके पर ही योजना अथवा सेवा का लाभ प्रदान किया जाए।

कलेक्टर डॉ. भरसट ने सभी नोडल एवं कैंप प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र में अभियान की व्यवस्थाओं का पूर्व परीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विभागीय स्टॉल एवं काउंटर, आवेदन पत्र, आवश्यक संसाधन तथा अन्य व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं। सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों का मौके पर निराकरण करने के निर्देश

कलेक्टर ने सभी विभागीय अधिकारियों को प्रत्येक विकासखंड में अपने विभाग से संबंधित लंबित एवं अनिराकृत सीएम हेल्पलाइन शिकायतों की सूची तैयार करने के निर्देश दिए। संबंधित शिकायतकर्ताओं को सेवा सेतु कार्यक्रम में उपस्थित होने के लिए पूर्व सूचना दी जाए तथा शिकायतों का परीक्षण कर यथासंभव मौके पर ही गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

सेवा सेतु अभियान के साथ वर्तमान में संचालित जन विश्वास कार्यक्रम थांदला में दोपहर 1 बजे से 4 बजे तक आयोजित होगा। कलेक्टर ने समस्त अनुविभागीय अधिकारियों एवं तहसीलदारों को निर्धारित ग्रामों की सूची के अनुसार भ्रमण एवं निरीक्षण कर प्राप्त शिकायतों के निराकरण की कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

*उसी दिन शाम 8 बजे तक ऑनलाइन रिपोर्टिंग अनिवार्य*
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि अभियान के दौरान आयोजित गतिविधियों, प्राप्त आवेदनों, लाभान्वित हितग्राहियों, निराकृत शिकायतों एवं अन्य उपलब्धियों की पोर्टल पर ऑनलाइन रिपोर्टिंग उसी दिन शाम 8 बजे तक अनिवार्य रूप से पूर्ण की जाए। रिपोर्टिंग में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाए।

कलेक्टर डॉ. भरसट ने कहा कि “सेवा सेतु अभियान—सरकार आपके द्वार” केवल औपचारिक आयोजन बनकर न रहे, बल्कि इसके माध्यम से पात्र हितग्राहियों को वास्तविक रूप से शासन की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ प्राप्त हो। ऐसे व्यक्तियों को प्राथमिकता से चिन्हित किया जाए, जो पात्र होने के बावजूद किसी कारणवश अब तक शासकीय योजनाओं से नहीं जुड़ पाए हैं। सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करते हुए अभियान को प्रभावी, परिणाममूलक एवं जन-केंद्रित बनाना सुनिश्चित करें।

बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री जितेन्द्रसिंह चौहान, अपर कलेक्टर श्री सी एस सोलंकी, सहायक कलेक्टर सुश्री आयुषी बंसल एवं अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे तथा अन्य अधिकारी वीसी के माध्यम से जुड़े।

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें