October 17, 2026 1:15 pm

भारतीय ग्रामीण पत्रकार संघ ट्रस्ट

भारतीय ग्रामीण
पत्रकार संघ ट्रस्ट

हाई स्कोरिंग मुकाबले में सेंट्रल दिल्ली किंग्स ने वेस्ट दिल्ली लायंस को 21 रन से हराया

हाई स्कोरिंग मुकाबले में सेंट्रल दिल्ली किंग्स ने वेस्ट दिल्ली लायंस को 21 रन से हराय

नई दिल्ली, 23 अगस्त: दिल्ली प्रीमियर लीग (DPL) के रोमांचक हाई स्कोरिंग मुकाबले में सेंट्रल दिल्ली किंग्स ने वेस्ट दिल्ली लायंस को 21 रन से शिकस्त दी। पहले बल्लेबाजी करते हुए किंग्स ने 20 ओवर में 8 विकेट पर 232 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया, जिसके जवाब में लायंस की टीम 20 ओवर में 8 विकेट पर 211 रन ही बना सकी।

सेंट्रल दिल्ली किंग्स की ओर से सलामी बल्लेबाज सिद्धार्थ जूण ने 17 गेंदों में 33 रन बनाकर तेज शुरुआत दिलाई। इसके बाद समर्थ सेठ ने महज 14 गेंदों में 37 रन की तूफानी पारी खेलकर रन गति को और बढ़ाया।

पारी के अंतिम चरण में मनी ग्रेवाल ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 16 गेंदों में 42 रन ठोक दिए। उनकी इस विस्फोटक पारी की बदौलत किंग्स 232 रन के बड़े स्कोर तक पहुंचने में सफल रहे। वेस्ट दिल्ली लायंस के लिए मनन भारद्वाज ने तीन विकेट लिए, लेकिन चार ओवर में 37 रन खर्च किए।

233 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेस्ट दिल्ली लायंस ने तेज शुरुआत की और 4.5 ओवर में ही 71 रन बना लिए। हालांकि, इसके बाद आर्यवीर सहवाग का विकेट गिरने से टीम को झटका लगा।

इसके बाद कृष यादव और अंकित कुमार ने मोर्चा संभालते हुए चौथे विकेट के लिए 59 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की। दोनों ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी कर लायंस की जीत की उम्मीदें जगा दीं। हालांकि, तेजस बारोका ने कृष यादव को 26 गेंदों में 46 रन के स्कोर पर आउट कर इस साझेदारी को तोड़ दिया।

अंकित कुमार ने इसके बाद भी शानदार बल्लेबाजी जारी रखी और 30 गेंदों में 61 रन की तेजतर्रार पारी खेली। उनके आउट होने के बाद लायंस की जीत की राह मुश्किल हो गई और अंतिम ओवरों में बढ़ती रन गति के दबाव के कारण टीम लक्ष्य से दूर होती चली गई।

वेस्ट दिल्ली लायंस की टीम निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट पर 211 रन ही बना सकी और उसे 21 रन से हार का सामना करना पड़ा। सेंट्रल दिल्ली किंग्स ने बल्ले और गेंद दोनों से अंतिम चरण में संयम बनाए रखते हुए मुकाबला अपने नाम किया।

यह मुकाबला अरुण जेटली स्टेडियम में खेला गया, जो आगामी भारत-अफगानिस्तान द्विपक्षीय सीरीज की मेजबानी भी करेगा।

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें