अनिल कुमार गुप्ता दिल्ली
दिल्ली में एक बार फिर पांच स्कूलों को बम की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया है, सुरक्षा के मद्देनज़र स्कूल खाली कराए गए हैं। बीते चार दिनों में यह तीसरी बार है जब राजधानी के स्कूलों को ऐसी धमकियां मिली हैं।
अगस्त 21, नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के स्कूलों को बम की धमकी मिलने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। दिल्ली में आज एक बार फिर पांच स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने की खबर सामने आई है। सुरक्षा के लिहाज से ऐहतियातन इन सभी स्कूलों की बिल्डिंगों को खाली करा लिया गया है।
इसकी सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची दिल्ली पुलिस, बम स्क्वॉड और फायर ब्रिगेड की टीमें जांच में जुटी हैं। बता दें कि, बीते 4 दिन में यह तीसरा मौका है, जब दिल्ली में स्कूलों को धमकी मिली है। जानकारी के अनुसार, दिल्ली के प्रसाद नगर और द्वारका सेक्टर 5 स्थित बीजीएस इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल समेत पांच स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। दिल्ली पुलिस और अग्निशमन विभाग मौके पर मौजूद हैं ।












