राष्ट्रपति ने दी देशवासियों को गणेश चतुर्थी की शुभकामनाएं
गणेश चतुर्थी के अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने देश-विदेश में रह रहे सभी भारतीयों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने भगवान गणेश से प्रार्थना की कि वे राष्ट्र-निर्माण के मार्ग की सभी बाधाएं दूर करें और सभी को पर्यावरण-अनुकूल जीवनशैली अपनाने की प्रेरणा दें।
अगस्त 27, नई दिल्ली:
गणपति बप्पा मोरया के जयकारों के साथ गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर आज घर-घर में बाप्पा विराजमान हो रहे हैं। 10 दिवसीय गणेश उत्सव पर खास हर्षोल्लास का माहौल नजर आ रहा है।इस अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सभी को गणेश चतुर्थी की शुभकामनाएं दी।
राष्ट्रपति ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि देश-विदेश में रह रहे सभी भारतीयों को गणेश चतुर्थी की हार्दिक शुभकामनाएं! यह महापर्व बुद्धि और विवेक के देवता भगवान श्री गणेश के जन्मोत्सव के रूप में हर्षोल्लास से मनाया जाता है।
उन्होंने आगे लिखा कि विघ्नहर्ता भगवान श्री गणेश से मैं प्रार्थना करती हूं कि वे व्यक्ति-निर्माण तथा राष्ट्र-निर्माण के मार्ग की सभी बाधाओं को दूर करते रहें तथा उनके आशीर्वाद से सभी देशवासी, पर्यावरण-अनुकूल जीवन शैली अपनाते हुए, सशक्त भारत के निर्माण में निष्ठा के साथ कार्यरत रहें। गणपति बाप्पा मोरया!












