October 31, 2026 3:28 pm

भारतीय ग्रामीण पत्रकार संघ ट्रस्ट

भारतीय ग्रामीण
पत्रकार संघ ट्रस्ट

सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद भी एमसीडी के चालू टोल प्लाजा बता रहे हैं कि सरकार की नीयत में खोंट है- प्रीति डोगरा

एमसीडी के टोल प्लाजा पर लग रहे वाहनों के जाम से बढ़ रहा प्रदूषण- प्रवीण कुमार

– निगम की स्वास्थ्य समिति टोल प्लाजा का दोबारा दौरा कर दिल्लीवालों के सामने प्रदूषण की असलियत रखेगी- प्रवीण कुमार

– टोल प्लाजा पर लंबी-लंबी कतारें लग रही हैं और गाड़ियों का धुंआ दिल्ली की हवा को और प्रदूषित कर रहा है- प्रीति डोगरा

– सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद भी एमसीडी के चालू टोल प्लाजा बता रहे हैं कि सरकार की नीयत में खोंट है- प्रीति डोगरा

– भाजपा के पास प्रदूषण की समस्या का समाधान नहीं है, सिर्फ जुमला है, तभी ग्रैप-4 में भी निर्माण कार्य चल रहे हैं- जलज चौधरी

नई दिल्ली, 19 दिसंबर 2025

भाजपा शासित दिल्ली नगर निगम के टोल प्लाजा पर रोजाना लग रही गाड़ियों की लंबी-लंबी कतारों और उनसे निकलने वाले ईंधन के धुंए से दिल्ली की हवा को प्रदूषित कर रही है। सुप्रीम कोर्ट ने इन टोल प्लाजा को बंद करने को कहा है, लेकिन सरकार ने बंद नहीं किया है। एमसीडी की स्वास्थ्य समिति ने टोल प्लाजा का दौरा कर पाया है कि वाहनों के जाम लगने से प्रदूषण बढ़ रहा है। शुक्रवार को आम आदमी पार्टी के एमसीडी में सह प्रभारी प्रवीण कुमार ने पार्टी मुख्यालय पर एमसीडी स्वास्थ्य समिति के सदस्यों के साथ प्रेसवार्ता कर कह जानकारी दी। इस अवसर पर एमसीडी सह-प्रभारी प्रीति डोंगरा, निगम पार्षद जलज चौधरी, विजय कुमार, रोशन लाल और शिवानी पांचाल भी मौजूद रहे।

प्रवीण कुमार ने कहा कि स्वास्थ्य समिति ने टोल प्लाजा से बढ़ रहे प्रदूषण के मुद्दे को गंभीरता से उठाया है। समिति के सदस्य विजय कुमार, शिवानी पांचाल, जलज कुमार और रोशन लाल ने पहले भी टोल प्लाजा के दौरे में पाया कि टोल टैक्स वसूली के कारण लगने वाले जाम से प्रदूषण में भारी इजाफा हो रहा है। यह समिति दोबारा टोल प्लाजा का दौरा करेगी और दिल्ली की जनता के सामने असलियत लाएगी कि किस तरह ये टोल प्लाजा दिल्ली की हवा और लोगों की सांसों के लिए खतरनाक बन गए हैं।

इस दौरान एमसीडी की सह-प्रभारी प्रीति डोगरा ने कहा कि स्वास्थ्य समिति के सदस्यों ने टोल प्लाजा के दौरे के दौरान पाया कि वहां गाड़ियों की लंबी कतारें लगती हैं और ट्रैफिक जाम के कारण वाहनों से निकलने वाला धुआं प्रदूषण को और बढ़ा देता है। इससे बुजुर्गों और बच्चों को सांस लेने में तकलीफ हो रही है और उनकी बीमारियां बढ़ रही हैं, लेकिन समझ नहीं आ रहा कि भाजपा सरकार आखिर क्या चाहती है?

प्रीति डोगरा ने कहा कि सोशल मीडिया पर लोग अपने एयर फिल्टर की हालत दिखा रहे हैं और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से गुहार लगा रहे हैं कि दिल्ली को सांस लेने लायक बनाएं। कई लोग प्रदूषण के कारण मजबूरी में दिल्ली छोड़कर बाहर जाने को विवश हैं क्योंकि मौजूदा रेखा गुप्ता सरकार प्रदूषण पर नियंत्रण नहीं कर पा रही है। भाजपा की मुख्यमंत्री कभी तापमान से प्रदूषण नापने की बात करती हैं तो कभी तंदूर बंद करने का फरमान सुनाती हैं, जो एक हास्यास्पद बात है।

प्रीति डोगरा ने कहा कि जब भाजपा के लोगों के पास जवाब नहीं होता तो ये पुरानी सरकार पर दोष मढ़ देते हैं, जबकि अरविंद केजरीवाल की सरकार ने इलेक्ट्रिक बसें चलवाईं, पेड़-पौधे लगवाए और ऑड-ईवन जैसे कदम उठाए थे। आज हालात बदतर हो गए हैं और गाजीपुर कूड़े के पहाड़ में बार-बार आग लग जाती है, जिससे निकली जहरीली गैस लाखों लोगों को अस्पताल पहुंचा रही है।

प्रीति डोगरा ने कहा कि भाजपा सरकार को बहानेबाजी और जुमले छोड़कर गंभीर कदम उठाने चाहिए। जब सुप्रीम कोर्ट ने भी एमसीडी के टोल प्लाजा बंद करने की बात कही है, तो सरकार उसे क्यों नहीं बंद कर रही है? गरीबों के तंदूर तो बंद कर दिए गए हैं लेकिन ठेकेदारों के टोल प्लाजा खुले हैं, जिससे साफ पता चलता है कि यह भ्रष्टाचार है और सरकार की नीयत में खोट है।

वहीं, “आप” नेता व स्वास्थ्य समिति के सदस्य जलज कुमार ने कहा कि एमसीडी की स्वास्थ्य समिति के पास बहुत सारी शिकायतें आई हैं कि अदालत के आदेश के बावजूद टोल प्लाजा को बंद नहीं किया गया है। समिति के सभी सदस्य कई टोल प्लाजा का दौरा करके आए हैं और वे बारी-बारी से अन्य जगहों पर भी जाएंगे। जो काम सत्ता में बैठे भाजपा के मेयर और मंत्रियों को जनता के हित में करना चाहिए था, दुर्भाग्यवश वह काम आज हमें करना पड़ रहा है।

जलज कुमार ने याद दिलाया कि जब हमारी सरकार थी तो पेड़ों की धुलाई करवाई जाती थी और पानी का छिड़काव होता था, जिससे दिसंबर आने से पहले प्रदूषण खत्म हो जाता था। आज भाजपा के पास चार इंजन की सरकार है जिसमें मेयर, कमिश्नर, उपराज्यपाल, मुख्यमंत्री और केंद्र सरकार का पूरा समर्थन शामिल है, लेकिन इसके बावजूद पूरी दिल्ली खतरनाक प्रदूषण से जूझ रही है।

जलज कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ओमान में हैं और विपक्ष के नेता राहुल गांधी भी देश से बाहर हैं, जबकि आम आदमी पार्टी सड़कों पर उतरकर आम जनता की लड़ाई लड़ रही है। हम सभी टोल प्लाजा और कूड़े के उन खत्तों पर जा रहे हैं जहां आग लगाई जा रही है, लेकिन मौजूदा मेयर घर से निकलकर कहीं भी दौरे पर नहीं जा रहे हैं और न ही भाजपा मंत्री कहीं दिखाई दे रहे हैं।

जलज कुमार ने कहा कि ग्रैप-4 लागू होने के बावजूद निर्माण कार्य धड़ल्ले से चल रहा है। एक तरफ पहले प्रदूषण के समय में पटाखे चलवाए गए और दूसरी तरफ कृत्रिम बारिश के नाम पर जनता के टैक्स का 30 करोड़ रुपये बर्बाद कर दिया गया, लेकिन बारिश नहीं हुई। इससे साफ है कि भाजपा के पास इस समस्या का कोई समाधान नहीं है, सिर्फ जुमलेबाजी है।

जलज कुमार ने कहा कि अदालत ने स्पष्ट आदेश दिया था कि उन्हें ऐसा राजस्व नहीं चाहिए जिससे लोगों की मौत हो रही हो। दिल्ली में मेडिकल इमरजेंसी जैसे हालात हैं, बुजुर्ग बाहर नहीं जा सकते और बच्चों के लिए स्कूल बंद हैं और वर्क फ्रॉम होम की सलाह दी जा रही है। ऐसे में टोल प्लाजा बंद न होने के कारण वहां के एक्यूआई और सामान्य एक्यूआई में भारी अंतर आ रहा है।

जलज कुमार ने कहा कि अगर भाजपा सरकार जनता के हित में काम नहीं करती तो चार इंजन हो या 400 इंजन, उसका कोई फायदा नहीं है। स्वास्थ्य समिति के सदस्य टोल प्लाजा पर जाएंगे और इस फर्जी सरकार को बेनकाब करेंगे जो अदालत के आदेश की अवमानना कर रही है और दिल्ली की जनता के हित में काम करने के बजाय सिर्फ फर्जी बातें कर रही है।

 

Leave a Comment

और पढ़ें

भारत इंटरनेशनल राइस कॉन्फ्रेंस 23-25 अक्टूबर 2026 -क़्या बदलेगी वैश्विक चावल अर्थव्यवस्था? -19 अक्टूबर को गन्ना-आधारित एथेनॉल खरीद पर रोक से चीनी बाजार में नई हलचल! – महंगाई बनाम खाद्य सुरक्षा चीनी बनाम एथेनॉल और कारोबार बनाम प्रतिस्पर्धा! – समग्र व्यापक महा-विश्लेषण

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें

भारत इंटरनेशनल राइस कॉन्फ्रेंस 23-25 अक्टूबर 2026 -क़्या बदलेगी वैश्विक चावल अर्थव्यवस्था? -19 अक्टूबर को गन्ना-आधारित एथेनॉल खरीद पर रोक से चीनी बाजार में नई हलचल! – महंगाई बनाम खाद्य सुरक्षा चीनी बनाम एथेनॉल और कारोबार बनाम प्रतिस्पर्धा! – समग्र व्यापक महा-विश्लेषण