जून 17, नई दिल्ली:
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य के लिए कई अहम निर्देश जारी किए हैं। मुख्यमंत्री ने घोषणा की है कि नीट परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को राज्य परिवहन निगम की बसों में किराये पर 50 प्रतिशत की छूट प्रदान की जाएगी, जिससे विद्यार्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में सुविधा मिल सके।
मुख्यमंत्री ने मोहर्रम के आयोजन को लेकर स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि यह मातम और श्रद्धा का अवसर है, शक्ति प्रदर्शन का नहीं। उन्होंने मोहर्रम जुलूसों में हथियारों के प्रदर्शन तथा कानफोड़ू डीजे के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही ताजियों की ऊंचाई निर्धारित मानकों से अधिक न रखने को कहा गया है।
मुख्यमंत्री ने प्रशासनिक अधिकारियों को जनता दर्शन और जनसुनवाई कार्यक्रमों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि जिन जिलों में मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) के पद रिक्त हैं, वहां अगले तीन दिनों के भीतर अनिवार्य रूप से नियुक्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि स्वास्थ्य सेवाओं का संचालन प्रभावित न हो।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों की समीक्षा करते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ ने बताया कि प्रदेश की 57 हजार ग्राम पंचायतों और 762 नगरीय निकायों में व्यापक स्तर पर योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रत्येक कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी। इसके अलावा 20 जून को विशेष स्वच्छता अभियान भी चलाया जाएगा।












