October 17, 2026 4:16 pm

भारतीय ग्रामीण पत्रकार संघ ट्रस्ट

भारतीय ग्रामीण
पत्रकार संघ ट्रस्ट

जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों का संवेदनशीलता से समय-सीमा में निराकरण करें—कलेक्टर डॉ. भरसट

झाबुआ माणक लाल जैन

 

*जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों का संवेदनशीलता से समय-सीमा में निराकरण करें—कलेक्टर डॉ. भरसट*

 

*साप्ताहिक जनसुनवाई में प्राप्त हुए 102 आवेदन, संबंधित अधिकारियों को जांच कर गुणवत्तापूर्ण निराकरण के निर्देश*

 

झाबुआ, 11 अगस्त 2026 कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने मंगलवार को जिला मुख्यालय पर आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों की समस्याओं, शिकायतों एवं मांगों को गंभीरतापूर्वक सुना। जनसुनवाई में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 102 आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक आवेदन की तत्परता से जांच कर पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

 

कलेक्टर डॉ. भरसट ने कहा कि जनसुनवाई आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान का प्रभावी माध्यम है। अधिकारी प्रत्येक आवेदन का संवेदनशीलता एवं गंभीरता से परीक्षण कर निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रकरणों के निराकरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा उदासीनता स्वीकार नहीं की जाएगी। साथ ही पात्र हितग्राहियों को योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ शीघ्र उपलब्ध कराया जाए।

 

जनसुनवाई में ग्राम पालेड़ी के ग्रामीणों ने श्री आईमाता मंदिर एवं राम मंदिर में नियमित पूजा-पाठ, साफ-सफाई, बारिश के दौरान छत से पानी टपकने तथा मंदिर के जीर्णोद्धार की आवश्यकता से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किया। ग्रामीणों ने मंदिर की कृषि भूमि के संबंध में भी शिकायत करते हुए प्रकरण की जांच एवं आवश्यक कार्रवाई की मांग की।

 

ग्राम छोटी ढेबर निवासी श्री छितु पिता भूरा सिंगाड़िया ने भूमि की सीमा पर रखे पत्थर हटाने, उनकी भूमि से आवागमन करने तथा मना करने पर विवाद एवं गाली-गलौज किए जाने की शिकायत प्रस्तुत करते हुए संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की।

 

ग्राम हिड़ीछोटी, तहसील रामा निवासी श्री कमल पिता इंदरसिंह वसुनिया ने सर्वे क्रमांक 104 एवं नाले के किनारे स्थित शासकीय चारागाह भूमि पर अतिक्रमण की शिकायत की। उन्होंने बताया कि उक्त भूमि का उपयोग गांव के पशुओं को चराने के लिए किया जाता है, किंतु अतिक्रमण के कारण ग्रामीण इसके उपयोग से वंचित हो रहे हैं। उन्होंने अतिक्रमण हटाकर संबंधितों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की।

 

ग्राम खालखंडवी, तहसील मेघनगर के ग्रामीणों ने डामोर फलिया में सड़क सुविधा नहीं होने से आवागमन में आ रही परेशानी से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि डामोर फलिया से दल्ला मेड़ा के घर तक तथा मड़िया मोटी से डामोर फलिया तक सड़क नहीं होने के कारण चारपहिया वाहन, एम्बुलेंस एवं अन्य आवश्यक वाहन नहीं पहुंच पाते हैं। बारिश के दौरान मार्ग कीचड़युक्त होने से समस्या और गंभीर हो जाती है। कलेक्टर ने मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत मेघनगर को प्रकरण की जांच कर निराकरण के निर्देश दिए।

 

ग्राम नाहरपुरा, तहसील पेटलावद निवासी श्रीमती काली पति पप्पू भूरिया ने वर्ष 2020-21 में स्वीकृत पशु शेड की राशि का भुगतान नहीं होने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि ₹1,01,804.91 की लागत से स्वीकृत पशु शेड का निर्माण पूर्ण कराया जा चुका है, किंतु पंचायत एवं जनपद पंचायत स्तर पर अनेक बार संपर्क करने के बाद भी राशि प्राप्त नहीं हुई। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारी को प्रकरण की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

 

ग्राम बनी, तहसील पेटलावद के कवड़िया फलिया के ग्रामीणों ने सड़क एवं पुल निर्माण नहीं होने से विद्यार्थियों और ग्रामीणों को हो रही परेशानी के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया। ग्रामीणों ने बताया कि स्कूली बच्चों को नदी पार कर विद्यालय जाना पड़ता है, जिससे बारिश के मौसम में दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों ने सड़क एवं पुल की स्वीकृति के बाद भी निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं होने की शिकायत की। कलेक्टर ने मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत पेटलावद को जांच कर शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए।

 

कलेक्टर डॉ. भरसट ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए प्राथमिकता के आधार पर निराकरण सुनिश्चित किया जाए। प्रत्येक प्रकरण में आवेदक को की गई कार्रवाई से अवगत कराया जाए तथा पात्र हितग्राहियों को शीघ्र राहत प्रदान की जाए।

 

जनसुनवाई के दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री जितेन्द्र सिंह चौहान, अपर कलेक्टर श्री सी.एस. सोलंकी सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें