झाबुआ माणक लाल जैन
झाबुआ 03 मई 2025 कलेक्टर नेहा मीना की अध्यक्षता में जल गंगा संवर्धन अभियान की समीक्षा के लिए बैठक का आयोजन कलेक्टर कार्यालय सभा कक्ष मे प्रातः 11:00 बजे किया गया।
कलेक्टर नेहा मीना द्वारा 30 मार्च से प्रारम्भ जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत सम्मिलित सभी विभागों के द्वारा की गयी गतिविधियों की समीक्षा की गयी। बैठक में अवगत कराया गया कि माय भारत पोर्टल पर जल दूतों के पंजीकरण के लक्ष्य 2400 के विपरीत 2415 पंजीकरण किये गये है। कलेक्टर ने ग्रामीण विकास विभाग के तहत अमृत सरोवर निर्माण, खेत तालाब निर्माण एवं कूप रिचार्ज की लक्ष्य के प्रति कम प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए जल्द से जल्द कार्य पूर्ण किये जाने के निर्देश दिये।
कलेक्टर ने जिले मे हेण्डपम्प, नलकूप एवं ट्युबवेल के रिचार्ज हेतु संरचनाएँ बनाये जाने की समीक्षा की। जिसमे लगभग 2000 से अधिक हेण्डपम्पों एवं नलकूपों के नजदीक रिचार्ज संरचना बनाये जाने की आवश्यकता है। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि जिले में हेण्डपम्पो एवं नलकूपो (शासकीय व निजी दोनो) जो सूख गये है या निकट भविष्य में सूखने वाले है उनके नजदीक आवश्यक तौर पर रिचार्ज संरचनाएँ बनायी जाए। उन्होंने कहा कि जिले में भूजल संरक्षण के लिए जन जागरुकता एवं जनभागीदारी को बढ़ाये क्योकि जिले की टोपोग्राफी के अनुसार भूजल का संरक्षण जल संरक्षण हेतु महत्वपूर्ण कदम है।
इसके साथ ही जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत अवगत कराया कि कृषि विभाग और उद्यानिकी विभाग के द्वारा ड्रिप सिंचाई और स्प्रिंकलर सिचाई के लक्ष्य को पूर्ण करने हेतु घर-घर जा कर कृषको का पंजीयन किया जा रहा है।
नगरीय प्रशासन विभाग के तहत जिले की नगरीय निकायों में बाग-बगीचों के हरित विकास, सार्वजनिक प्याऊ की स्थापना, एक्विफर मैनेजमेंट प्लान और रुफ वाटर हार्वेस्टिंग स्ट्रक्चर बनाये जाने की समीक्षा की गयी। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि नगरीय निकायों में शासकीय भवनों के साथ-साथ निजी भवनों में रूफ वॉटर हार्वेस्टिंग स्ट्रक्चर बनाये जाने के लिए प्रोत्साहित किया जाए। साथ ही उन्होने कहा कि जिले की समस्त एकीकृत शालाओं में टेक्निकल सर्वे के उपरान्त रैन वाटर हार्वेस्टिंग की संरचना बनायी जाए।
वन विभाग द्वारा अवगत कराया गया कि अभियान के तहत वन्य प्राणियो की पेयजल व्यवस्था के लिए 25 झिरी खुदाई लक्ष्य के विपरीत 14 कार्य पूर्ण किये गये है और 5 तालाब का निर्माण प्रगतिरत है और 24 चिन्हित क्षेत्रो में 581500 वृक्षारोपण लक्ष्य के लिए तैयारी की जा रही है।
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा रिचार्ज पिट के निर्माण, लीकेज की मरम्मत एवं नल में टोटी लगाये जाने के लिए जन-जागरूकता के सम्बन्ध में अवगत कराया। जल संसाधन विभाग द्वारा 49 तालाबों एवं नहरों को चिन्हांकन कर साफ-सफाई के कार्य किये जाने की समीक्षा की गयी। जल संरचनाओं को राजस्व अभिलेखों में साम्मलित करने के 2462 लक्ष्य को जल्द ही पूर्ण किये जाने के निर्देश दिये। साथ ही जन अभियान परिषद द्वारा किये गये कार्यों की समीक्षा की गयी।
कलेक्टर ने कहा कि जल गंगा संवर्धन अभियान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की सर्वोच्च प्राथमिकता है और जिले में जल संरक्षण के प्रयासों के दूरगामी परिणाम प्राप्त किये जा सकते है। जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत कार्यों में गति लाकर प्रगति प्राप्त की जाए एवं भूजल संरक्षण के कार्यों को अति महत्व दे कर समयानुसार पूर्ण किया जाए।
इस दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत जितेंद्रसिंह चौहान, संयुक्त कलेक्टर अक्षयसिंह मरकम, डिप्टी कलेक्टर हरिशंकर विश्वकर्मा एवं संबंधित विभाग के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।












