दिल्ली पुलिस की स्पेशल स्टाफ द्वारका की बड़ी कार्रवाई, मेवात बेस्ड हथियार सप्लाई गैंग का भंडाफोड़
अनिल कुमार गुप्ता दिल्ली
दिल्ली पुलिस की स्पेशल स्टाफ द्वारका ने अवैध हथियारों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मेवात बेस्ड हथियार सप्लाई गैंग का पर्दाफाश किया है। इस ऑपरेशन में अब तक 14 पिस्टल और 20 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
डीसीपी द्वारका जिला आईपीएस कुशल पाल सिंह और एडिशनल डीसीपी-1 आईपीएस निहारिका भट्ट के नेतृत्व में “नो गन्स, नो गैंग्स” अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य अवैध हथियारों पर लगाम लगाना और अपराधियों पर सख्त कार्रवाई करना है।
13 सितंबर 2025 को स्पेशल स्टाफ की टीम ने गुप्त सूचना और तकनीकी निगरानी के आधार पर अंतरराज्यीय हथियार सप्लायर कुंवर पाल उर्फ कपिल को गिरफ्तार किया था। उसके कब्जे से 8 देसी पिस्टल और 10 जिंदा कारतूस बरामद हुए थे। इस संबंध में बाबा हरिदास नगर थाने में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने खुलासा किया कि वह हरमेश सिंह उर्फ रमेश सिंह उर्फ मेचू के कहने पर दिल्ली में हथियार सप्लाई करने आया था। पुलिस लगातार हरमेश सिंह की तलाश कर रही थी और उसके खिलाफ गैर जमानती वारंट भी जारी किए गए थे।
18 मई 2026 को पुलिस टीम ने मेवात क्षेत्र के गांव जुरहेड़ा में छापेमारी कर मुख्य हथियार सप्लायर हरमेश सिंह उर्फ रमेश सिंह उर्फ मेचू को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर एक अत्याधुनिक पिस्टल, 5 देसी पिस्टल और 10 जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
गिरफ्तार आरोपी हरमेश सिंह राजस्थान के डीग जिले का रहने वाला है और उसके खिलाफ पहले से 5 आपराधिक मामले दर्ज हैं।












