अनुराग कश्यप की ‘बंदर’ का ट्रेलर रिलीज़
बॉबी देओल के दमदार अंदाज़ और डार्क ह्यूमर ने खींचा ध्यान
बंदर का ट्रेलर रिलीज़ होते ही सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है। अनुराग कश्यप के डायरेक्शन में बनी इस फिल्म में बॉबी देओल एक अलग और दिलचस्प किरदार में नजर आ रहे हैं। ट्रेलर में डार्क ह्यूमर, ट्विस्ट और बोल्ड अंदाज़ का जबरदस्त मिश्रण देखने को मिलता है।
फिल्म में बॉबी देओल एक ऐसे पूर्व सुपरस्टार का किरदार निभा रहे हैं, जिनकी चमक अब फीकी पड़ चुकी है। स्टेज पर उसका स्टारडम कायम है, लेकिन निजी जिंदगी अकेलेपन और उलझनों से भरी हुई है। कहानी तब नया मोड़ लेती है जब एक पुराना नाम उसकी जिंदगी में लौटता है और वह अचानक एक बड़े केस में फंस जाता है।
ट्रेल की सबसे खास बात इसकी तेज स्पीड और अनप्रिडिक्टेबल कहानी है, जो शुरुआत से आखिर तक दर्शकों को बांधे रखती है। सान्या मल्होत्रा, राज बी. शेट्टी, सपना पब्बी, सबा आजाद, रिद्धि सेन और जितेंद्र जोशी जैसे कलाकार भी फिल्म में अहम किरदार में नजर आएंगे।
फिल्म की कहानी सुदीप शर्मा और अभिषेक बनर्जी ने लिखी है, जो इससे पहले पाताल लोक, कोहरा और उड़ता पंजाब जैसी चर्चित परियोजनाओं से जुड़े रहे हैं।
सैफ्रन मैजिकवर्क्स द्वारा प्रोड्यूस और ज़ी स्टूडियोज के सहयोग से बनी यह फिल्म 5 जून 2026 को सिनेमा में रिलीज होगी।












