झाबुआ माणक लाल जैन
*मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना अंतर्गत द्वारका-सोमनाथ यात्रा के लिए आवेदन आमंत्रित*
*14 सितंबर तक जमा किए जा सकेंगे आवेदन, संभावित यात्रा 21 सितंबर से*
झाबुआ, 25 अगस्त 2026 धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना अंतर्गत जिले के पात्र वरिष्ठ नागरिकों के लिए द्वारका-सोमनाथ तीर्थ यात्रा प्रस्तावित है। यात्रा के लिए आवेदन पत्र प्राप्त करने की अंतिम तिथि 14 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है, जबकि यात्रा प्रारंभ होने की संभावित तिथि 21 सितंबर 2026 है।
मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना नियम-2012 एवं समय-समय पर संशोधित नियमों के अनुसार मध्यप्रदेश के ऐसे वरिष्ठ नागरिक, जिनकी आयु 60 वर्ष या उससे अधिक है तथा जो आयकरदाता नहीं हैं, योजना का लाभ प्राप्त कर सकते हैं। महिला आवेदकों को आयु सीमा में 2 वर्ष की छूट का प्रावधान है। योजना के अंतर्गत पात्र वरिष्ठ नागरिकों को प्रदेश एवं प्रदेश के बाहर स्थित निर्धारित तीर्थ स्थलों में से एक अथवा युग्म तीर्थ की यात्रा कराई जाती है।
आवेदक एक या एक से अधिक तीर्थ स्थानों की यात्रा के लिए आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं, लेकिन उन्हें केवल एक ही स्थान की यात्रा का अवसर मिलेगा। यदि कम्प्यूटरीकृत लॉटरी में एक से अधिक स्थानों के लिए आवेदक का चयन होता है, तो जिस यात्रा की चयन सूची में उसका नाम ऊपर होगा, उसी यात्रा के लिए उसे चयनित माना जाएगा। किसी यात्रा के लिए चयन होने के बाद आगामी यात्रा की चयन सूची में भी नाम आने पर बाद वाली सूची से उसका नाम हटा दिया जाएगा।
योजना के तहत आवेदन निकटतम तहसील कार्यालय, स्थानीय निकाय, जनपद पंचायत कार्यालय अथवा कलेक्टर द्वारा निर्धारित अन्य स्थानों पर जमा किए जा सकेंगे। जिले के सभी विकासखंडों एवं नगरीय निकायों से पात्र हितग्राहियों के आवेदन प्राप्त किए जाएंगे तथा पात्रता का परीक्षण कर चयन प्रक्रिया पूर्ण की जाएगी।
यदि जिले के लिए निर्धारित कोटे से अधिक आवेदन प्राप्त होते हैं तो तीर्थ यात्रियों का चयन कम्प्यूटरीकृत लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा। निर्धारित कोटे के अतिरिक्त 10 प्रतिशत यात्रियों की पृथक प्रतीक्षा सूची तैयार की जाएगी। चयनित यात्री के किसी कारणवश यात्रा पर नहीं जा पाने की स्थिति में प्रतीक्षा सूची के क्रम के अनुसार अन्य पात्र यात्री को अवसर दिया जा सकेगा। किसी जिले का निर्धारित कोटा पूरा नहीं होने पर अन्य जिले की प्रतीक्षा सूची अथवा प्राप्त आवेदनों से उसकी पूर्ति की जा सकेगी।
यात्रा के दौरान तीर्थ यात्रियों की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी। ट्रेन प्रारंभ होने वाले जिले से तीर्थ यात्रियों के स्वास्थ्य परीक्षण के लिए एक शासकीय चिकित्सक की ड्यूटी लगाई जाएगी। मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना की ट्रेन में किसी भी अनधिकृत व्यक्ति को प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। जांच के दौरान अनधिकृत व्यक्ति पाए जाने पर उसे संबंधित स्टेशन पर उतारा जा सकेगा तथा नियमानुसार यात्रा व्यय की वसूली की जाएगी।
IRCTC द्वारा ट्रेन को निर्धारित तिथि एवं समय पर संबंधित जिले में पहुंचाने के साथ यात्रा के दौरान तीर्थ यात्रियों को उत्तम गुणवत्ता का भोजन, नाश्ता एवं शुद्ध पेयजल तथा प्रतिदिन कम से कम दो मिनरल वाटर की बोतलें उपलब्ध कराई जाएंगी। यात्रा में नियुक्त अनुरक्षक ट्रेन के प्रस्थान के बाद प्रत्येक चार घंटे में यात्रियों की कुशलता एवं उपलब्ध व्यवस्थाओं के संबंध में संबंधित कलेक्टर, जिला नोडल अधिकारी तथा मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना कार्यालय को अवगत कराएंगे।
जिले से एक पर्यवेक्षक, जो तहसीलदार अथवा उसके समकक्ष पद का अधिकारी होगा, तीर्थ यात्रियों के साथ यात्रा करेगा। पर्यवेक्षक द्वारा IRCTC की ओर से उपलब्ध कराई गई भोजन, नाश्ता, पेयजल, शौचालय एवं तीर्थ स्थल पर ठहरने सहित अन्य व्यवस्थाओं का अवलोकन कर प्रतिवेदन कलेक्टर के माध्यम से राज्य शासन को भेजा जाएगा।
द्वारका-सोमनाथ तीर्थ यात्रा के लिए आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 14 सितंबर 2026 है। चयनित यात्रियों की सूची संचालक, मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना एवं IRCTC को 16 सितंबर 2026 तक उपलब्ध कराई जाएगी तथा यात्रा प्रारंभ होने की संभावित तिथि 21 सितंबर 2026 निर्धारित है।












