रोहित कुमार गुप्ता उतरौला (बलरामपुर)
धर्म और संस्कृति की धरती उतरौला एक बार फिर आध्यात्मिक ऊर्जा से परिपूर्ण होने जा रही है। पिपरा घाट तिराहा स्थित मोहाल आर्य नगर में बाबा श्री दुःख हरण नाथ मंदिर सेवा समिति तथा सनातन हिंदू धर्म प्रेमी समुदाय के संयुक्त तत्वावधान में 23 जून 2025 से 28 जून 2025 तक पंचदिवसीय श्रीराम कथा का भव्य आयोजन किया जा रहा है।
इस धार्मिक आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में परम पूज्य श्री योगी मिथिलेश नाथ जी महाराज, पीठाधीश्वर शक्तिपीठ देवीपाटन, अपनी उपस्थिति से कार्यक्रम को दिव्यता प्रदान करेंगे। कार्यक्रम का सानिध्य ब्रह्मलीन महंत पुरुषोत्तम गिरि जी महाराज एवं माता विमला गिरि जी के स्मरण में रहेगा।
कथा वाचन का शुभ कार्य प्रेममूर्ति युवा संत सर्वेश जी महाराज, नयाघाट वशिष्ठ भवन, अयोध्या द्वारा किया जाएगा। वे श्रीरामचरितमानस की कथा के साथ सामाजिक और पारिवारिक जीवन में मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के आदर्शों को प्रस्तुत करेंगे।
विशेष कार्यक्रम
*कलश यात्रा – 23 जून 2025, दिन सोमवार को सायं 4 बजे से भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी, जो दुःख हरण मंदिर से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए कथा स्थल तक पहुंचेगी।
कथा समय – प्रतिदिन सायं 7 बजे से रात्रि 11 बजे तक श्रीराम कथा का प्रवचन होगा।
पूर्णाहुति एवं भंडारा – 28 जून 2025, शनिवार को सायं 6 बजे से विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जो प्रभु इच्छा तक चलेगा।
इस आयोजन के मुख्य यजमान त्रिपुरारी गिरि, शिष्य महंत मयंक गिरि, विधायक उतरौला राम प्रताप वर्मा तथा चेयरमैन प्रतिनिधि अनूप चंद्र गुप्ता होंगे, जिनकी उपस्थिति भक्तों के बीच श्रद्धा और उत्साह का संचार करेगी।
आयोजक समिति ने सभी श्रद्धालुजनों, धर्म प्रेमियों बंधुओं एवं नगरवासियों से इस आध्यात्मिक आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।












