पीएम नरेंद्र मोदी ने सिवान में एक जनसभा को संबोधित करते हुए राजद प्रमुख लालू यादव पर कहा कि जो लोग बाबा साहेब का अपमान करके खुद को बड़ा दिखाने की कोशिश कर रहे हैं उन्हें जनता माफ नहीं करेगी।
जून 20, सिवान (बिहार): बिहार के सिवान से पीएम ने बिहार के लोगों के लिए बिहार के नौजवानों के लिए काम करते रहने का विश्वास दिया। सीवान से प्रधानमंत्री ने राजद प्रमुख लालू यादव पर कटाक्ष बोला। उन्होंने कहा कि जो लोग बाबा साहेब का अपमान करके खुद को बड़ा दिखाने की कोशिश कर रहे हैं उन्हें जनता माफ नहीं करेगी।
दरअसल, 11 जून को लालू प्रसाद यादव का जन्मदिन था। कार्यकर्ता उस दिन बाबा साहेब की तस्वीर लेकर पहुंचे थे। लेकिन लालू प्रसाद ने तस्वीर का तिरस्कार किया और पैर पसार कर बैठे रहे। ये विजुअल जब बाहर आए तो लोग बहुत आहत हुए थे। पीएम मोदी ने आगे कहा कि आप सब जानते हैं कि मैं कल ही विदेश से लौटा हूं।
उन्होंने कहा कि इस दौरे में मेरी दुनिया के बड़े-बड़े समृद्ध देशों के नेताओं से बात हुई। सारे नेता, भारत की तेज प्रगति से बहुत प्रभावित हैं। वो भारत को दुनिया की तीसरी बड़ी आर्थिक महाशक्ति बनते देख रहे हैं और इसमें बिहार की निश्चित तौर पर बहुत बड़ी भूमिका होने वाली है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि मेरे इस विश्वास का कारण बिहार के आप सभी लोगों का सामर्थ्य है। आपने मिलकर बिहार से जंगलराज का सफाया किया है। यहां के हमारे नौजवानों ने तो 20 साल पहले के बिहार की बदहाली सिर्फ किस्सों और कथाओं में ही सुनी है। उन्हें अंदाजा ही नहीं है कि जंगलराज वालों ने बिहार की क्या हालत बना दी थी।
सिवान में प्रधानमंत्री ने कहा कि जिस बिहार ने सदियों तक भारत की प्रगति को नेतृत्व दिया। उसको पंजे और लालटेन के शिकंजे ने पलायन का प्रतीक बना दिया था। मेरे बिहारी भाई-बहन कठिन से कठिन परिस्थिति में काम करके दिखा देते हैं वो कभी अपने स्वाभिमान से समझौता नहीं करते। लेकिन, पंजे और लालटेन वालों ने मिलकर बिहार के स्वाभिमान को बहुत ठेस पहुंचाई है।
जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि इन लोगों ने ऐसी लूट-खसोट मचाई की गरीबी बिहार का दुर्भाग्य बन गई। अनेक चुनौतियों को पार करते हुए नीतीश जी के नेतृत्व में NDA सरकार बिहार को विकास की पटरी पर वापस लाई है और मैं बिहार वासियों को विश्वास दिलाने आया हूं कि हमने भले बहुत कुछ किया हो, करते रहे हैं, करते रहेंगे। लेकिन इतने से शांत होकर रहने वाला मोदी नहीं है।
उन्होंने कहा कि मुझे तो अभी बिहार के लिए और भी बहुत कुछ करना है। पिछले 10 वर्षों में बिहार में करीब 55 हजार किमी ग्रामीण सड़कें बनी हैं। 1.5 करोड़ से अधिक घरों को बिजली के कनेक्शन से जोड़ा गया है। 1.5 करोड़ घरों को पानी का कनेक्शन दिया गया है। 45 हजार से ज्यादा कॉमन सर्विस सेंटर बनाए गए हैं। बिहार की प्रगति के लिए हमें ये गति लगातार बढ़ाते रहना है।












